रेलवे मंत्रालय ने समस्तीपुर रेल मंडल में दरभंगा जंक्शन से सटे शिशो और काकरघट्टी हॉल्ट स्टेशन को जंक्शन के रूप में अपग्रेड कर दिया है। इससे दरभंगा समेत आसपास के कई जिलों से आकर ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बताया जाता है कि काकरघट्टी स्टेशन से झंझारपुर, जयनगर, दरभंगा और सीतामढ़ी के बीच चलने वाली ट्रेनों का विभाजन होता है। वहीं शिशो स्टेशन से जयनगर, झंझारपुर और समस्तीपुर–दरभंगा की दिशा में जाने वाली ट्रेनों के मार्ग का विभाजन होता है। ऐसे में इन दोनों स्टेशनों को जंक्शन का दर्जा मिलने के बाद इस रूट पर मालगाड़ियों समेत प्रमुख ट्रेनों का संचालन और अधिक सुचारु होने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार दरभंगा जंक्शन से रोजाना करीब 15 ट्रेनें खुलती हैं, जबकि इस रूट पर प्रतिदिन लगभग 50 ट्रेनों के साथ करीब एक दर्जन मालगाड़ियों का भी परिचालन होता है। स्टेशन पर सीमित इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण ट्रेनों के समय पर संचालन में दिक्कतें आती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जंक्शन से करीब चार किलोमीटर आगे एक मेगा कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण का प्रस्ताव भी रेलवे की ओर से रखा गया है। अब इन दोनों स्टेशनों के अपग्रेड होने के बाद रेल कनेक्टिविटी और संचालन व्यवस्था काफी सुगम होने की उम्मीद है।
पढ़ें; लूट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, स्कूटी-कैमरा लूटकर बदमाश हुए फरार; तलाश जारी
दरभंगा के भाजपा सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि काकरघट्टी स्टेशन से जयनगर और झंझारपुर की ओर से आने वाली ट्रेनों का दरभंगा और सीतामढ़ी की ओर जाने वाले मार्ग के लिए विभाजन होता है। वहीं शिशो बायपास जंक्शन से जयनगर, झंझारपुर और दरभंगा–समस्तीपुर रूट की ओर जाने वाली ट्रेनों का मार्ग विभाजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इसी मानक के आधार पर इन दोनों स्टेशनों को ए ग्रेड की मान्यता देते हुए जंक्शन के रूप में मंजूरी दी गई है। सांसद ने बताया कि रेलवे स्टैंडिंग कमेटी की बैठकों में उन्होंने कई बार इन मुद्दों को उठाया था और दरभंगा जिले में रेलवे की निर्माणाधीन परियोजनाओं को जल्द पूरा करने की मांग की थी, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।