बिहार विधान परिषद की दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया। समस्तीपुर जिले के 58 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर जिले के कुल 36,779 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 34,429 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 2,350 मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है।
स्नातक सीट पर सर्वेश कुमार को भाजपा का टिकट, नूरानी जन सुराज के प्रत्याशी
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में इस बार कई प्रमुख चेहरे चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने वर्तमान विधान पार्षद सर्वेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने पिछली बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की थी। इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सर्वेश कुमार के सामने अपनी सीट बरकरार रखने की चुनौती है। जन सुराज ने डॉ. मो. इम्तियाज नूरानी को उम्मीदवार बनाया है। मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड के निवासी नूरानी पीएचडी डिग्रीधारी हैं। वह निजी अस्पताल के संचालन से जुड़े होने के साथ समाजसेवा और व्यवसाय के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वर्ष 2020 के विधान परिषद चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस बार वह जन सुराज के प्रत्याशी के रूप में मतदाताओं के बीच हैं। कांग्रेस ने रजनीकांत पाठक को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से अनिल कुमार झा चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों दल अपने परंपरागत समर्थकों के बीच जनसंपर्क कर स्नातक मतदाताओं का समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
निर्दलीय प्रत्याशी भी पेश कर रहे चुनौती
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। चार्टर्ड अकाउंटेंट आदित्य झा चुनाव मैदान में हैं। वह दरभंगा और दिल्ली में अपने कार्यालयों के माध्यम से पेशेवर गतिविधियों से जुड़े हैं। वहीं, जयप्रकाश झा भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। शिक्षाविद् डॉ. धर्मेश रंजन भी मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों की मौजूदगी से मतदाताओं के सामने कई विकल्प हैं। इस सीट पर कुल 40 उम्मीदवारों के बीच समर्थन हासिल करने की होड़ है।
शिक्षक सीट पर मदन मोहन झा और घनश्याम राय प्रमुख चेहरे
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने वर्तमान विधान पार्षद डॉ. मदन मोहन झा को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने डॉ. घनश्याम राय पर भरोसा जताया है, जबकि जन सुराज ने डॉ. सुरेश प्रसाद राय को मैदान में उतारा है। राजद की ओर से कुमर राउत चुनाव लड़ रहे हैं।
इस सीट पर शिक्षक मतदाताओं की भूमिका अहम होगी। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। दोनों सीटों के लिए अलग-अलग मतदाता सूचियां तैयार की गई हैं और मतदान की व्यवस्था भी अलग-अलग निर्धारित है।
चार जिलों में फैला है निर्वाचन क्षेत्र
दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय जिले शामिल हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में समस्तीपुर में सबसे अधिक 34,429 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके बाद दरभंगा में 34,001, मधुबनी में 29,316 और बेगूसराय में 29,205 मतदाता हैं।
समस्तीपुर में 58 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के बीच मतदान
समस्तीपुर जिले में 58 मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है। प्रशासन शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए व्यवस्था पर नजर रख रहा है। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है। मतदान समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो जाएगी।