मंत्री संजय सरावगी को घेरकर अपनी समस्याएं बतातीं जीविका दीदी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री संजय सरावगी ने मंगलवार को डीएमसीएच (दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यू सर्जिकल भवन और मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल का जायजा लिया। उनके निरीक्षण की सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक डॉ. शीला कुमारी, उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार और अन्य वरिष्ठ डॉक्टर मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान जीविका दीदियों ने छह महीने से बकाया मानदेय भुगतान की मांग को लेकर मंत्री का घेराव किया।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime: नाबालिग युवती से सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपियों में तीन नाबालिग भी शामिल; बालिग आरोपी गिरफ्तार
मंत्री ने दिया भुगतान का आश्वासन
मंत्री संजय सरावगी ने जीविका दीदियों से बातचीत कर जल्द मानदेय भुगतान का आश्वासन दिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर संतोष जताते हुए कहा कि जो भी कमियां रह गई हैं, उन्हें जल्द ही दूर किया जाएगा।
‘महागठबंधन सरकार में अस्पताल में कुत्ते भौंकते थे’
निरीक्षण के दौरान मीडिया से बात करते हुए मंत्री संजय सरावगी ने पूर्ववर्ती महागठबंधन सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह वही अस्पताल है, जहां पहले मरीजों के बजाय बेड पर कुत्ते दिखते थे। लेकिन अब यहां मरीजों का इलाज होते हुए दिखाई देता है। 2005 से पहले लालू यादव के शासनकाल और बाद में जब महागठबंधन सरकार में तेजस्वी यादव स्वास्थ्य मंत्री थे, तब अस्पतालों में कोई व्यवस्था नहीं थी। मरीजों की जगह कुत्ते बेड पर सोते थे। आज हमारी सरकार ने अस्पतालों की हालत में सुधार किया है और सुविधाएं बढ़ाई हैं।
‘तेजस्वी यादव ने अधूरे अस्पताल का फीता काट दिया’
मंत्री ने पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि महागठबंधन सरकार सिर्फ उद्घाटन और फीता काटने में लगी रहती थी। जबकि हमारी सरकार जनता की सेवा के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हम जिस अस्पताल में खड़े हैं, उसे तेजस्वी यादव ने अधूरे हाल में ही उद्घाटित कर दिया था, क्योंकि उन्हें मालूम था कि उनकी सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी।
यह भी पढ़ें- Bihar News: कंबाइन हार्वेस्टर मशीन से कटीं दो महिलाएं, मौके पर ही मौत; दर्दनाक हादसे से मचा हड़कंप
समस्याओं के जल्द समाधान का दिया भरोसा
मंत्री ने कहा कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कुछ कमियां देखने को मिली हैं, जिनका जल्द समाधान किया जाएगा। इसके अलावा जीविका दीदियों की बकाया राशि की शिकायत को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि डीएमसीएच की सभी समस्याओं की जानकारी पटना में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भेज दी गई है, और जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा।