दरभंगा स्नातक विधान परिषद चुनाव की मतगणना के दौरान काउंटिंग हॉल में भारी हंगामा हुआ। हंगामा करने वाले पांच काउंटिंग एजेंटों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। विवाद मतपत्रों की वैधता और अवैधता को लेकर एनडीए समर्थित भाजपा उम्मीदवार सर्वेश कुमार और राजद उम्मीदवार अनिल कुमार झा के अभिकर्ताओं के बीच शुरू हुआ। आरोप-प्रत्यारोप के बाद मतगणना केंद्र के भीतर तनाव की स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएम सह एआरओ काउंटिंग हॉल के भीतर पहुंचे और हंगामा कर रहे अभिकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मतपत्रों की वैधता का अंतिम निर्णय एआरओ की टेबल पर ही लिया जाएगा। डीएम के समझाने के बावजूद हंगामा जारी रहा। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख डीएम ने पुलिस को हंगामा करने वालों को हिरासत में लेने का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस ने पांच अभिकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।