मधुबनी जिले में अपराध बेलगाम हो गया है। हत्या, लूट और डकैती की घटनाएं आम हो गई हैं। ताजा मामला खजौली थाना क्षेत्र का है, जहां रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने 65 वर्षीय बुजुर्ग को गोली मार दी। इतना ही नहीं, बुजुर्ग की विकलांग बहू पर भी अपराधियों ने रॉड और हथौड़ी से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना में घायल सभी लोगों को पहले प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां बुजुर्ग की हालत नाजुक बनी हुई है।
घायल बुजुर्ग की पहचान खजौली थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 निवासी 65 वर्षीय वैधनाथ पंडित के रूप में हुई है। उनकी बहू कोसो देवी ने बताया कि सुबह अचानक रघुनाथ पंडित, सचिन पंडित और गोविंद पंडित घर पर पहुंचे और उनके ससुर से रंगदारी की मांग करने लगे। जब उनके ससुर ने कहा कि "कौन-सा रुपया?", तभी आरोपियों ने पिस्टल निकालकर उन पर फायरिंग कर दी। गोली वैधनाथ पंडित के कनपटी में जा लगी। इसके बाद आरोपियों और उनके परिजनों ने मिलकर लात-घूंसे और हथियारों से हमला किया।