दरभंगा एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को बुधवार को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली से दरभंगा आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट QP 1405 लगातार दूसरे दिन रद्द रही। वहीं मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 535 करीब 3 घंटे 45 मिनट की देरी से पहुंची, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
दिल्ली से सुबह 10:55 बजे दरभंगा पहुंचने वाली अकासा एयर की फ्लाइट QP 1405 बुधवार को भी रद्द रही। हालांकि एयरलाइन ने इसकी जानकारी पहले ही यात्रियों को दे दी थी, जिससे उन्हें एयरपोर्ट पहुंचकर इंतजार नहीं करना पड़ा। जिन यात्रियों के लिए यात्रा जरूरी थी, उन्होंने अन्य उड़ानों या दूसरे साधनों का सहारा लिया।
बुधवार को सबसे अधिक देरी मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 535 में हुई। यह विमान अपने निर्धारित समय दोपहर 12:50 बजे के बजाय शाम 4:35 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचा। करीब 3 घंटे 45 मिनट की देरी के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
पढ़ें: बंधक युवक को छुड़ाने जा रही पुलिस की गाड़ी घर में घुसी, दो घायल; शराब पीने के आरोपों की जांच शुरू
वहीं मुंबई से आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 115 अपने निर्धारित समय 10:15 बजे से 11 मिनट पहले ही दरभंगा पहुंच गई। दिल्ली से आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 495 भी महज तीन मिनट की देरी से 11:58 बजे उतरी।
बेंगलुरु से आने वाली अकासा एयर की फ्लाइट QP 1513 भी केवल आठ मिनट की देरी से 12:13 बजे पहुंची। दिल्ली से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 360 अपने निर्धारित समय दोपहर 3:00 बजे के बजाय 3:09 बजे दरभंगा पहुंची। वहीं स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 9602 अपने तय समय 3:35 बजे से 48 मिनट की देरी से 4:23 बजे एयरपोर्ट पर उतरी।
अकासा एयर की एक उड़ान रद्द रहने के बावजूद बुधवार को दरभंगा एयरपोर्ट से कुल 12 उड़ानों का संचालन हुआ। अधिकांश उड़ानें निर्धारित समय के आसपास संचालित हुईं, लेकिन अकासा एयर की लगातार दूसरे दिन रद्द हुई दिल्ली-दरभंगा फ्लाइट और मुंबई से आने वाली इंडिगो की लंबी देरी यात्रियों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।