गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। कई स्कूलों में छुट्टियां घोषित हो चुकी हैं। लोग इस अवसर पर यात्रा की योजना बना रहे हैं। मगर इस बार यात्रा के रुझान में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। आमतौर पर गर्मियों में जम्मू-कश्मीर जैसे ठंडे और खूबसूरत गंतव्य की ओर लोग रुख करते थे, लेकिन इस बार दार्जिलिंग, मुंबई और दक्षिण भारत यात्रियों की पहली पसंद बनते दिख रहे हैं।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर जाने वाली ट्रेनों में प्रतिदिन 25 से 30 टिकट रद्द किए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि हाल ही में आतंकवादियों द्वारा 26 पर्यटकों की निर्मम हत्या और भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव ने लोगों को इस दिशा में यात्रा करने से पीछे हटने पर मजबूर कर दिया है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: रेल पुलिस का फर्जीवाड़ा, 24 किलो चरस कोर्ट में बन गया ईंट-पत्थर; मजिस्ट्रेट भी रह गए दंग
दार्जिलिंग और दक्षिण भारत के लिए ट्रेनों में टिकट की मारामारी
समस्तीपुर से दार्जिलिंग के लिए चलने वाली दो प्रमुख ट्रेनें राजधानी एक्सप्रेस और अवध-आसाम एक्सप्रेस पूरी तरह फुल चल रही हैं। इन ट्रेनों में 30 जून तक कोई भी सीट उपलब्ध नहीं है, यहां तक कि वेटिंग लिस्ट भी बंद हो चुकी है। यह दर्शाता है कि लोग पहाड़ी ठंडक का आनंद लेने के लिए पूर्वोत्तर भारत की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं। इसी तरह दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी भारी भीड़ देखी जा रही है। विशाखापट्टनम, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में जुलाई के पहले सप्ताह तक टिकट मिलना मुश्किल है।
जम्मू-कश्मीर की ट्रेनों में खाली हो रही सीटें
जम्मू-कश्मीर की ओर जाने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस, हरिहरनाथ एक्सप्रेस, कामाख्या वैष्णो देवी एक्सप्रेस और गुवाहाटी-जम्मू तवी एक्सप्रेस जैसी चार ट्रेनों में छह जुलाई तक सीटें फुल हैं। लेकिन समस्तीपुर स्थित आरक्षण केंद्र के अनुसार, इन ट्रेनों में प्रतिदिन 25 से 30 टिकट रद्द हो रहे हैं। यात्रियों की यह वापसी उन सुरक्षा चिंताओं को दर्शाती है, जो हाल के आतंकी हमलों के कारण उत्पन्न हुई हैं।
दिल्ली और मुंबई के रूट पर भारी दबाव
दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों के लिए भी इस समय ट्रेनों में भारी भीड़ है। समस्तीपुर से दिल्ली के लिए चलने वाली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस सभी 12 जुलाई तक फुल चल रही हैं। यात्रियों को केवल वेटिंग टिकट मिल रहे हैं। वहीं, मुंबई रूट की बात करें तो पवन एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, सहरसा-मुंबई एक्सप्रेस, समस्तीपुर-मुंबई स्पेशल और सहरसा-मुंबई स्पेशल ट्रेनें दो जुलाई तक पूरी तरह बुक हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar News: धर्मपत्नी की पुण्यतिथि पर भावुक हुए CM नीतीश कुमार, कंकड़बाग में स्मृति स्थल पर दी श्रद्धांजलि
कोलकाता रूट भी प्रभावित
कोलकाता की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी 12 जून तक भीड़ का दबाव बना हुआ है। हालांकि कुछ ट्रेनों में आरएसी (Reservation Against Cancellation) टिकट अभी भी उपलब्ध हैं, जिससे अंतिम समय पर यात्रा की थोड़ी-बहुत संभावना बनी हुई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, टिकट बुकिंग और रद्दीकरण का एक बड़ा हिस्सा अब ऑनलाइन माध्यमों से हो रहा है। समस्तीपुर आरक्षण केंद्र के पास केवल आंशिक आंकड़े ही उपलब्ध हैं, क्योंकि ऑनलाइन टिकटों की निगरानी और नियंत्रण आईआरसीटीसी के कोलकाता मुख्यालय से होता है।
विशेष ट्रेनों का उपयोग करने की सलाह
पूर्व मध्य रेलवे के डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों में भीड़ को देखते हुए कई गंतव्यों के लिए समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन पहले से ही शुरू कर दिया गया है। अगर रेगुलर ट्रेनों में सीटें उपलब्ध नहीं हों, तो यात्री स्पेशल ट्रेनों का विकल्प अपनाएं। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार निगरानी कर रही है और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी।
साथ ही यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और टिकट की उपलब्धता की जानकारी लेकर ही बुकिंग करें। अचानक रद्द होने या बदलाव की स्थिति से बचने के लिए यात्रा स्थलों की सुरक्षा और परिस्थितियों का भी ध्यान रखें।