दरभंगा–बेनीपुर स्टेट हाईवे 56 पर कपछाही गांव के पास तेज रफ्तार बस और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सोनकी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ युवक को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। बेटे की मौत से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
युवक की पहचान और घटना की जानकारी
मृतक की पहचान देकुली चट्टी निवासी इंदर महतो के पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपनी बहन को बहेड़ी थाना क्षेत्र के शंकर लोहार गांव छोड़ने गया था। बहन को छोड़कर वापस लौटने के दौरान सोनकी थाना क्षेत्र के कपछाही गांव के पास उसकी बाइक बस की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
परिवार की हालत खराब
मृतक विजय कुमार छह बहनों और दो भाइयों में से एक था। वह बिजली मिस्त्री का काम कर परिवार की मदद करता था, जबकि उसके पिता मजदूरी कर आठ बच्चों सहित पूरे परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
चाचा ने बताया कैसे हुआ हादसा
मृतक के चाचा गणेश महतो ने बताया कि विजय कुमार अपनी बाइक से बहन को छोड़ने गया था। बहन को छोड़कर वापस लौटने के दौरान वह दुर्घटना का शिकार हो गया। इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने बताया कि उनका भाई मजदूरी कर अपने आठ बच्चों सहित परिवार का पालन-पोषण करता है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
इस संबंध में सोनकी थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही घायल युवक को इलाज के लिए डीएमसीएच लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।