दरभंगा राजकीय पॉलिटेक्निक में रैगिंग का मामला सामने आया है। कंप्यूटर साइंस की फर्स्ट सेमेस्टर की छात्रा ने सीनियर्स पर रैगिंग और अभद्रता का आरोप लगाया है। विरोध करने पर छात्रा के भाई की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई, जिसे घायल हालत में डीएमसीएच में भर्ती कराया गया।
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, दरभंगा में एक बार फिर रैगिंग का मामला सामने आया है। कंप्यूटर साइंस के फर्स्ट सेमेस्टर की छात्रा ने सीनियर छात्रों पर रैगिंग और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्रा आयुषी कुमारी, जो पटना जिले की रहने वाली है, ने बताया कि लंच के बाद जब वह क्लास में पहुंची तो सीनियर छात्र जूनियर्स को हाथ ऊपर करवाकर रैगिंग करवा रहे थे। जब उन्होंने और उनकी सहपाठियों ने विरोध जताया तो सीनियर छात्रों ने उनसे भी अभद्रता की।
इस दौरान छात्रा का भाई अमित प्रशांत झा बहन की रक्षा करने पहुंचा तो सीनियर छात्रों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। घायल अवस्था में उसे डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा डायल 112 की पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल विश्वविद्यालय थाना में मामले को लेकर कार्रवाई के लिए आवेदन दिया जा रहा है।