कोसी नदी के उफान ने सड़क को उखाड़ फेंका
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के दरभंगा में कोसी नदी उफान पर चल रही हैं। कुशेवरस्थान प्रखंड से तिलकेस्वरस्थान जाने वाली मुख्य सड़क के आस-पास के छह से अधिक गांवों में बाढ़ आ गई, जिससे ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बाढ़ ने सड़क को दो हिस्सों में बांट दिया।
दरभंगा के कुशेवरस्थान प्रखंड से तिलकेस्वरस्थान जाने वाली मुख्य सड़क को कोसी नदी में आए उफान ने अपने साथ बहा कर ले गई है। जिससे तिलकेस्वरस्थान का कुशेवरस्थान पूर्वी से सड़क सम्पर्क भंग हो गया है। इस इलाके के करीब छह से ज्यादा गांव बाढ़ के पानी से घिर गए। जिससे आमलोगों की समस्या काफी बढ़ गई है। इस इलाके में कोसी नदी के जलस्तर में दुबारा पानी बढ़ने से लोगों के सामने प्रतिदिन नई समस्या उत्पन्न हो रही हैं।
कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड में बाढ़ का कहर से ग्रामीण काफी परेशान है, इस इलाके का जनजीवन पूरी तरीके से नाव पर निर्भर हो गया है। बताया जाता है कि तिलकेश्वर से सपहि गांव तक जाने वाली सड़क पर बना पुल पर पानी ओवरफ्लो होकर बह रहा था। पानी का दबाव बढ़ने के कारण सड़क का कटाव हो गया। बताया जा रहा है कि इस सड़क के कटने से इस इलाके के करीब 10 से 15 हजार लोगों का जिला मुख्यालय सड़क सम्पर्क टूट गया है। कुशेश्वरस्थान में कमला-बलान पश्चिमी तटबंध के पूर्वी हिस्से में अवस्थित प्रखंड के छह पंचायत इलाके में कोसी और करेह नदी के जलस्तर बढ़ने से पांच पंचायत के लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है। सबसे ज्यादा, लोगों को आने-जाने के लिए नाव ही सहारा है।