दरभंगा स्नातक चुनाव में भाजपा के सर्वेश कुमार 16,115 मतों के साथ आगे हैं, लेकिन जीत के लिए 31,911 मत जरूरी हैं। दूसरे वरीयता के मतों की गिनती जारी है। तेजस्वी यादव ने मतगणना में देरी और पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं।
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की मतगणना में भाजपा के सर्वेश कुमार आगे चल रहे हैं। हालांकि, जीत के लिए निर्धारित 31,911 मतों का आंकड़ा हासिल नहीं होने के कारण दूसरे वरीयता क्रम के मतों की गिनती जारी है। इस बीच राजद नेता तेजस्वी यादव ने मतगणना में देरी और वैध मतों को अवैध घोषित करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की है।
दरभंगा स्नातक क्षेत्र से मतगणना में लगभग 10% मत अवैध घोषित किए है ताकि हमारे उम्मीदवार को हरा सके। 24 घंटे के बाद भी द्वितीय वरीयता के मतों की गणना में देरी की जा रही है । जहाँ बीजेपी हारने लगती है चुनाव आयोग इनके निर्देशों पर नाचने लग जाता है। चुनाव आयोग गिनती में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करें। @ECISVEEP @CEOBihar
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) October 28, 2026
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दरभंगा स्नातक चुनाव की गणना में लगभग 10 प्रतिशत वैध मतों को अवैध घोषित किया गया है, ताकि उनके उम्मीदवार को हराया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि 24 घंटे बाद भी द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती में देरी की जा रही है। तेजस्वी ने कहा कि जहां भाजपा हारने लगती है, वहां चुनाव आयोग उसके निर्देश पर नाचने लगता है। उन्होंने चुनाव आयोग से मतगणना में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।
पहले राउंड में 69,141 मतों की गिनती
दरभंगा स्नातक चुनाव के पहले राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। इस दौरान कुल 69,141 मतों की गिनती की गई, जिसमें 5,321 मत रद्द घोषित किए गए। इसके बाद कुल वैध मतों की संख्या 63,820 रही। जीत के लिए निर्धारित मतों की संख्या 31,911 है, जो कुल वैध मतों के आधे से एक अधिक है।
पहले राउंड में सर्वाधिक 16,115 मत भाजपा के सर्वेश कुमार को मिले। वहीं, दूसरे स्थान पर रहे प्रत्याशी अनिल कुमार झा को 14,615 मत प्राप्त हुए। हालांकि, दोनों में से कोई भी प्रत्याशी जीत के लिए जरूरी 31,911 मतों का आंकड़ा हासिल नहीं कर सका।
इसके बाद क्रमशः 39वें, 38वें, 37वें और आगे के क्रम के प्रत्याशियों के मतों की गिनती की जाएगी। यह प्रक्रिया तब तक जारी रहेगी, जब तक किसी प्रत्याशी को जीत के लिए निर्धारित 31,911 मत प्राप्त नहीं हो जाते।
यदि दूसरे वरीयता के मतों की गिनती के बाद भी कोई प्रत्याशी जीत के आंकड़े तक नहीं पहुंचता है, तो तीसरे वरीयता के मतों की गिनती की जाएगी। तीसरी वरीयता से भी जीत का आंकड़ा हासिल नहीं होने पर चौथे, पांचवें और आगे के वरीयता क्रम के मतों की गिनती की जाएगी। इस प्रक्रिया में निर्धारित जीत के आंकड़े तक पहुंचने वाला प्रत्याशी विजयी घोषित होगा।
राजद के आरोपों के बाद दरभंगा DM का बयान, कहा- निष्पक्ष हो रही मतगणना
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में गड़बड़ी के राजद नेताओं के आरोपों के बाद दरभंगा के डीएम कौशल कुमार का बयान सामने आया है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि मतगणना निष्पक्ष तरीके से कराई जा रही है और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। उन्होंने राजद के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सभी उम्मीदवारों की सहमति के बाद मतगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
वहीं, मतगणना केंद्र के अंदर हुए हंगामे को लेकर डीएम ने कहा कि चेतावनी के बावजूद अनुशासन का पालन नहीं करने पर पुलिस ने कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि मतगणना पूरी होने में अभी कई घंटे लग सकते हैं और परिणाम कल सुबह तक आने की संभावना है। राजद नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप के बीच मतगणना केंद्र पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
दरभंगा मतगणना में घमासान, ललित यादव और आलोक मेहता ने दी आंदोलन की चेतावनी
दरभंगा में मतगणना को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। राजद के पूर्व मंत्री ललित यादव और विधायक आलोक कुमार मेहता ने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन एसआईआर से भी बड़ा होगा। वहीं, नेताओं ने दावा किया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी दरभंगा पहुंच रहे हैं।