Bihar : बीच सड़क पर दो बदमाशों ने अचानक युवक को घेर लिया और उस पर चाकू से हमला करने लगे। देखते ही देखते युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुए इस हमले से घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया।
राजधानी पटना में बदमाशों ने एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। घायल की पहचान सालिमपुर अहरा गली नंबर-3 निवासी अमन कुमार के रूप में की गई है। घटना पीरबहोर थाना क्षेत्र के सालिमपुर अहरा की है। पुलिस आरोपियों कि गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि अमन मंदिर के पास था। तभी दो बदमाश आए और अचानक अमन पर चाकू से हमला करने लगे। चाकू लगते ही अमन वहां से भागने लगा, लेकिन दोनों बदमाशों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया और फिर उसे खींचकर ले जाने लगे। अचानक हुए हमले और दोनों बदमाशों के द्वारा बीच सड़क पर तमाशा करते देखकर आसपास के लोग अमन की तरफ बढ़ने लगे जिसे देखकर बदमाश घटनास्थल से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने आननफानन में घायल अमन को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार करते हुए उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना के संबंध में टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने बताया कि पीरबहोर थाने की पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक को दो बदमाशों ने चाकू मार कर घायल कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना के साथ-साथ कदमकुआं थाना की टीम और टाउन डीएसपी राजेश रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे।। घटनास्थल पर पहुंचते भी पुलिस ने सबसे पहले स्थानीय लोगों से पूछताछ की और फिर आसपास लगे सीसीटीवी को खंगालने लगी। फिर पुलिस पीएमसीएच पहुंचकर घायल अमन का बयान लिया। अमन ने दो लड़कों को आरोपित किया है जिसे ओपुलिस अब नामजद अभियुक्त बनाएगी। घटना के कारण पूछने पर पुलिस ने जांच करने की बात कही है, लेकिन इशारों ही इशारों में यह भी बताया कि मामला किसी लड़की से बातचीत करने का भी है। पुलिस ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।