पूर्वी चंपारण जिले के एक गांव से चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक पर नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देने और बाद में उसे छोड़कर फरार होने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध
जानकारी के अनुसार, आरोपी लड्डू कुमार और पीड़िता के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। रिश्तेदारी के कारण युवक का युवती के घर आना-जाना भी था, जिससे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। पीड़िता अनाथ बताई जा रही है, जिसने भरोसा कर युवक के साथ जाने का फैसला किया। आरोप है कि युवक उसे गुजरात के सूरत ले गया, जहां मंदिर में शादी का नाटक रचा गया और उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने का भरोसा दिया गया।
स्टेशन पर मोबाइल छीनकर छोड़ा
पीड़िता के अनुसार, शादी के बाद आरोपी उसे मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन लेकर आया। यहां उसने उसका मोबाइल फोन छीन लिया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। इसके बाद उसे टैंपू से गांव भेज दिया और खुद फरार हो गया।
घर में नहीं मिली एंट्री
गांव पहुंचने पर जब पीड़िता आरोपी के घर गई तो परिजनों ने उसे अंदर घुसने नहीं दिया और बाहर निकाल दिया। दस्तावेजों के अनुसार, पीड़िता नाबालिग है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
ये भी पढ़ें-
प्रदेश में सड़क हादसों पर लगेगी लगाम, 700-800 जोखिम भरे स्थानों पर लगेंगे आईटीएमएस
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। महिलाएं भी पीड़िता के समर्थन में सामने आकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रही हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे हैं, लेकिन आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसका मोबाइल बंद है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।