नितीश कुमार ने कहा, हम सभी ऐसे आयोजनों में शामिल होते हैं। मेरी वहां मौजूदगी का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि हम इफ्तार पार्टी भी करते हैं और इसमें सभी को आमंत्रित करते हैं।
बिहार की सियासत में शुक्रवार को एक बड़ी तस्वीर देखने को मिली थी। दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के घर इफ्तार की दावत में शिरकत की थी। इस अवसर पर तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। कुमार को इस अवसर पर तेजस्वी से बात करते और आपस में बात करते हुए भी देखा गया था। जिसको लेकर शनिवार को नितीश कुमार ने कहा कि राजद नेता राबड़ी देवी के आवास पर इफ्तार पार्टी में उनकी मौजूदगी का 'राजनीति से कोई लेना-देना नहीं' है।
विज्ञापन
तेजस्वी ने दिया था ये बयान
इफ्तार पार्टी को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा था कि हमने इफ्तार पार्टी में शामिल होने का न्योता सभी पार्टी के नेताओं को दिया। चाहे भाजपा पार्टी के हो, वीआईपी हो, एलजेपी के हो या जेडीयू के हों। यह तो परंपरा रही है कि हर दूसरे के इफ्तार में हम लोग हमेशा शिरकत करते रहते हैं।
नितीश कुमार ने दी सफाई
नितीश कुमार ने कहा, हम सभी ऐसे आयोजनों में शामिल होते हैं। मेरी वहां मौजूदगी का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। चूंकि मुझे कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था, इसलिए मैंने इसमें भाग लिया। स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद उन्होंने कहा कि हम इफ्तार पार्टी भी करते हैं और इसमें सभी को आमंत्रित करते हैं।
विज्ञापन
कुंवर सिंह को बताया चैंपियन
कुंवर सिंह की जयंती पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह का विजयोत्सव देश भर में मनाया जाना चाहिए। वह 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के नायक थे। हमें उनके द्वारा दिए गए सामाजिक समरसता के संदेशों को आत्मसात करना चाहिए और समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखना चाहिए। नितीश कुमार ने कहा कि कुंवर सिंह लोगों के लिए एक चैंपियन थे और उनकी सेना में विभिन्न वर्गों, जाति और पंथ के सैनिक थे।
कुंवर सिंह ने 1857 के विद्रोह में लोगों का नेतृत्व किया था। वह जगदीशपुर के एक शाही राजपूत घर से थे, जो वर्तमान में बिहार के भोजपुर जिले का हिस्सा है।