लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कू पर एक पोस्ट में चिराग ने कहा कि सुशासन बाबू (नीतीश कुमार) ने नई कुर्सी की सुगबुगाहट खारिज नहीं की है।
उन्होंने लिखा, विपक्ष का चेहरा बनने की दिली ख्वाहिश पूरी हो रही है। नीतीश कुमार अपने लिए एक के बाद एक पद का इंतजाम करने को अपनी आदत बना चुके हैं। चिराग पासवान ने आगे कहा कि बिहार के युवाओं की दुर्गति करने के बाद अब नीतीश कुमार राष्ट्रपति बनने चले हैं।
नई कुर्सी की सुगबुगाहट को खारिज नहीं किये सुशासन बाबू। विपक्ष का चेहरा बनने की दिली ख्वाहिश पूरी हो रही है। अपने लिए एक के बाद एक पद का इंतजाम करने को आदत बना चुके हैं नीतीश जी। कर बिहार के युवाओं की दुर्गति;नीतीश जी बनने चले राष्ट्रपति।
- युवा बिहारी चिराग पासवान (@ChiragPaswanOfficial) 22 Feb 2022
विपक्षी दल नीतीश को बनाना चाहते हैं राष्ट्रपति उम्मीदवार!
दरअसल, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के बीच हुई बैठक के बाद नीतीश कुमार को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाने की अटकलें तेज हुई हैं। कहा जा रहा है कि विपक्षी दल नीतीश कुमार को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाना चाहते हैं।
नवाब मलिक ने नीतीश को उम्मीदवार बनाने पर कही ये बात
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता नवाब मलिक ने भी कहा है कि अगले राष्ट्रपति के लिए चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार के लिए नीतीश कुमार के नाम पर विचार किया जा सकता है। लेकिन उसी स्थिति में जब उनकी पार्टी भाजपा से संबंध खत्म कर दे।
मलिक ने कहा कि अगले राष्ट्रपति चुनाव में नीतीश कुमार को विपक्ष का उम्मीदवार बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं। लेकिन इस पर तब तक चर्चा नहीं की जा सकती है जब तक नीतीश कुमार भाजपा से अलग नहीं हो जाते। उनको पहले भाजपा से अपना नाता तोड़ लेना चाहिए।