दरभंगा जेल कारा में बंद 42 कैदी छठ महापर्व करेंगे। इसकी तैयारी जेल प्रशासन द्वारा की गई है। दरभंगा मंडल कारा में कुल 875 कैदी हैं। इसमें से कुल 42 कैदी लोक आस्था का महापर्व छठ कर रहे हैं। कुल 20 पुरुष व 22 महिला कैदी इस वर्ष जेल में छठ कर रहे हैं। आज से शुरू हो रहे इस महापर्व के मौके कुल 42 कैदियों ने नहाय खाय के साथ व्रत की शुरूआत कर दी है।
जेल प्रशासन की तरफ से जेल के भीतर में दो तालाब बनाये गए हैं। इसमें एक तालाब में महिला कैदी भगवान भास्कर को अर्घ देंगे तो दूसरे तालाब में पुरुष कैदी छठ व्रत की पूजा करेंगे। जिला प्रशासन की तरफ से सभी व्रत करने वालो के लिए नए कपड़े की व्यवस्था की गई है वही कल 18 नवम्बर को खरना के पूजन की भी तैयारी जेल प्रशासन द्वारा की जा रही है।
महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग तालाब बनाये गए हैं
जेल अधीक्षक स्नेह लता ने कहा कि जेल में 42 कैदियों द्वारा छठ पर्व किया जा रहा है। आज सभी व्रत करने वाले कैदियों ने नहाय खाय से छठ पर्व की शुरुआत की है। ये सभी खरना का व्रत करेंगे जिसकी तैयारी कर ली गई है। सभी महिला और पुरुष व्रत करने वालों के लिए अलग-अलग तालाब बनाये गए हैं।
जेल के अंदर दो अलग-अलग तालाबों का निर्माण कराया गया
दरभंगा के डीएम राजीव रोशन ने बताया कि अभी मंडल कारा दरभंगा में कुल 875 बंदी है। इसमें 42 बंदी लोक आस्था का महापर्व छठ इस वर्ष कर रहे हैं। इस वर्ष कुल 20 पुरुष बंदी व 22 महिला बंदी छठ व्रत कर रहें हैं। इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। जेल के अंदर दो अलग-अलग तालाबों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में लोग सुरक्षित तरीके से छठ पर्व को मनाए। आमलोगों की सुरक्षा के दृष्टि कोण से तालाबों और नदियों में नौकायन पर प्रतिबंध लगा दी गई है। छठ व्रतियों की सुरक्षा के लिए नदी और तालाबों में गोताखोर को रखा गया है।