लखीसराय में एक पति ने पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर अपनी दोनों बेटियों का गला रेत दिया। दोनों लड़कियां अभी जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं। मामला रामगढ़ चौक प्रखंड अंतर्गत तेतरहाट थाना क्षेत्र के सतसंडा गांव की है। मृतका सुदामा साव की पत्नी तेतरी देवी (28) थी। घायल लड़कियों में बड़ी बेटी स्वाति (6) साल की, जबकि दूसरी बेटी तीन साल की है जिसकी स्थिति काफी गंभीर है। घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि सुबह उन्हें सूचना मिली कि मंगलवार की सुबह एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई और उसकी दो बेटियों का गला रेत दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। आननफानन में घायल दोनों लड़कियों को लखीसराय सदर अस्पताल में भेज दिया गया, जहां दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया।
रेलवे टिकट ने खोल दिया राज
इस घटना में मृतका की मां प्रियंका देवी उर्फ रुका देवी ने सुदामा साहू को हत्या का आरोपी बनाते हुए थाना में मामला दर्ज कराया है। मृतका की मां प्रियंका देवी ने बताया कि सुदामा साव अभी से 15 दिन पहले यानी छठ पूजा के बाद हरियाणा कमाने गया था। मृतका तेतरी देवी अपने बच्चों के साथ घर पर अकेले रह रही थी। हत्या की वजह के संबंध में प्रियंका देवी ने बताया कि तेतरी देवी कर्ज लेकर घर बनवाई थी। सुदामा साव इस बात को लेकर अपनी पत्नी के साथ हमेशा विवाद करते रहता था। प्रियंका देवी ने बताया कि यह घटना सुदामा साव ने सोच समझकर एक साजिश के तहत किया है। वह चुपके से हरियाणा से 4 दिसंबर की रात्रि को घर आया और सबसे पहले उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दिया और फिर अपनी दोनों बेटियों का गला रेत कर घर से फरार हो गया। प्रियंका देवी ने बताया कि इस घटना को सुदामा साव ने ही अंजाम दिया है इस बात की पुष्टि घटनास्थल से बरामद रेलवे टिकट से हुई है।