घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के जमुई के झाझा थाना क्षेत्र के छापा पंचायत स्थित धपरी गांव में सोमवार को एक महिला का शव कुएं से बरामद किया गया है। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उसके बाद घटना की सूचना स्थानीय थाने को दी गई। वहीं, सूचना मिलते ही झाझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक महिला की पहचान झाझा थाना क्षेत्र के धपरी गांव निवासी कपिल यादव की पत्नी अनीता देवी (30) के रूप में की गई।
घटना को लेकर मृतका के पति कपिल यादव ने बताया कि तीन दिन पहले पड़ोस के दिनेश यादव की पत्नी से मेरी पत्नी अनीता देवी के साथ विवाद हुआ था। उसके बाद उसी दिन दिनेश यादव की पत्नी दिनेश पर आरोप लगा रही थी कि तुम सुबह-शाम अनीता देवी के घर क्यों जाते हो और तभी से अनीता देवी लापता थी।
कपिल यादव ने बताया कि इस दौरान तीन दिनों तक पत्नी अनीता को गांव मुहल्ले से लेकर नाते-रिश्तेदार के यहां काफी खोजबीन की गई। लेकिन उसका कुछ अता-पता नहीं चल सका। वहीं, सोमवार को सूचना मिली कि दिनेश यादव के घर के बगल कुएं में एक शव पड़ा हुआ है। जब भागते हुए कुएं के पास पहुंचे तो देखा कि मेरी पत्नी की लाश है। उसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। आशंका है कि दोनों पति-पत्नी ने मिलकर अनीता की हत्या कर दी है और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को कुएं में फेंक दिया।
इधर, सूचना मिलने पर एसडीपीओ राजेश कुमार और थानाध्यक्ष राजेश शरण पुलिस वालों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फिर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।