फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संघ के दरबार में पहुंचा बिहार भाजपा का विवाद

Mon, 22 Jul 2013 10:55 PM IST
पटना/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
पार्टी की प्रदेश इकाई में बगावत से परेशान बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को पटना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। भागवत और भाजपा नेताओं के बीच बैठक में राज्य के राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई।
विज्ञापन


प्रदेश इकाई ने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भाजपा में बगावत शह देने का आरोप लगाया है। बगावत की वजह से पार्टी अपने एक विधायक को छह साल के लिए निलंबित कर चुकी है। समस्या यहीं खत्म नहीं होती। पार्टी के करीब एक दर्जन विधायकों ने पार्टी नेता सुशील कुमार मोदी के खिलाफ शिकायत की है।

भागवत और भाजपा नेताओं के बीच बैठक में इन सभी मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में सुशील कुमार मोदी, पार्टी महासचिव और बिहार के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता नंद किशोर यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडे और अन्य नेता मौजूद थे।
विज्ञापन


बिहार भाजपा में बगावत, बागी विधायक निलंबित

बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई इस बारे में किसी नेता ने कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन वरिष्ठ भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि निश्चित तौर पर जब पार्टी के वरिष्ठ नेता मिलेंगे तो मौजूदा राजनीतिक हालात पर बातचीत करेंगे। पांडे ने बताया कि पार्टी नेता शिष्टाचार वश संघ प्रमुख से मिलने गए थे।

गौरतलब है कि भाजपा और जद-यू में अलगाव के बाद से भागवत की यह पहली बिहार यात्रा है। भागवत के साथ बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सीपी ठाकुर, महासचिव राधा मोहन और पूर्व मंत्री चंद्रमोहन राय भी मौजूद थे।

बिहार भाजपा में बगावत को देखते हुए संघ प्रमुख से पार्टी नेताओं की मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वैसे पार्टी बगावत करने वाले अपने विधायक अमरनाथ गामी को निलंबित कर चुकी है, लेकिन कई अन्य विधायक भी बागी सुर में बोल रहे हैं।

दरभंगा के जाले से विधायक विजय कुमार मिश्रा ने गामी का समर्थन किया है। उनका कहना है कि बगैर कारण बताओ नोटिस जारी किए गामी को निलंबित कर उनके साथ अन्याय किया गया है।

समस्तीपुर के मोइउद्दीनगर से भाजपा के विधायक राणा गंगेश्वर सिंह के तेवर और भी बागी हैं। उन्होंने नीतीश कुमार की सराहना करते हुए कहा है कि अगर लोकसभा चुनाव में जद-यू को 20-30 सीटें मिल जाती हैं तो कुमार निश्चित तौर पर प्रधानमंत्री बन जाएंगे।

उन्होंने भाजपा के नरेंद्र मोदी के नाम पर अड़ने पर सवाल उठाया है और पार्टी को चेहरा बदलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि ऐसा कर नीतीश कुमार फिर से राजग में लाया जा सकता है।
विज्ञापन


मैं खुले तौर पर नीतीश कुमार के साथ हूं और उनके लिए कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हूं।- राणा गंगेश्वर सिंह, भाजपा विधायक

पार्टी के कुछ नेता और कार्यकर्ता नाखुश हैं और पार्टी नेतृत्व को उनसे बातचीत करनी चाहिए।- सीपी ठाकुर, भाजपा उपाध्यक्ष

नीतीश कुमार अपनी कुर्सी बचाने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त में लगे हुए हैं।- मंगल पांडे, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष

भाजपा के कुछ विधायक अपनी पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं। उन्होंने जद-यू से संपर्क साधा।- वशिष्ठ नारायण सिंह, प्रदेश जदयू अध्यक्ष
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें