बिहार के जमुई से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक शख्स ने एक दो नहीं बल्कि छह शादियां की हैं। युवक की छह शादियों का भंडाफोड़ तब हुआ, जब उसके एक साले ने उसे किसी और महिला के साथ पकड़ लिया। जिसके बाद पुलिस पूछताछ में युवक के छह शादियों का खुलासा हुआ।
छोटू की पत्नी मंजू की मां कोबिया देवी ने पुलिस को कहानी सुनाई तो पुलिस का भी माथा ठनक गया। कोबिया देवी ने बताया कि साल 2018 में मेरी बेटी की छोटू से शादी हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। करीब डेढ़ साल पहले बच्चे की दवाई लाने के बहाने छोटू घर से निकला था। जिसके बाद वह लौटा ही नहीं। महिला ने बताया कि उसके बेटे ने छोटू को किसी और महिला के साथ देखा तो उसकी सच्चाई पता चली। उसकी बेटी डेढ़ साल से इसका इंतजार कर रही थी। कोबिया देवी का कहना है कि दामाद छोटू ने हमें धोखा दिया है। इसकी शादी रांची की रहने वाली कलावती देवी से भी हुई है। दोनों के चार बच्चे भी हैं।
आरोप है कि आरोपी छोटू जहां भी आर्केस्ट्रा करने जाता है, वहां पर शादी रचा लेता है। ऐसे में अभी तक छह शादियां कर चुका है। वह पत्नी के साथ रहता है, परिवार बढ़ाता है। फिर बीवी को छोड़कर वह भाग जाता है। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस ने कहा कि युवक की दूसरी पत्नी के परिजनों ने छोटू पर छह शादी करने का आरोप लगाया है। फिलहाल इस मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यदि शिकायत दर्ज कराई जाती है तो पुलिस मामले की जांच करेगी।