बिहार सरकार राज्य में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए विटामिन ए की खुराक पिलाने का अभियान शुरू कर रही है। आज स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी चौबे न्यू गार्डिनियर रोड हॉस्पिटल में इसका शुभारंभ करेंगे। इससे पहले राज्य में खसरा अभियान भी चलाया जा चुका है।
इस अभियान के तहत पहले दिन सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जायेगी। दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर में जाकर नौ महिने से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को यह खुराक देगी।
डॉक्टर्स का कहना है कि विटामिन ए खुराक बच्चों के लिए बहुत जरूरी है। विटामिन ए न केवल आंखों को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है बल्कि बच्चों को कई दूसरी बीमारियों के संक्रमण से भी बचाता है। यह शरीर के अनेक अंगों जैसे त्वचा, बाल, नाखून, ग्रंथि, दांत, मसूड़ा और हड्डी आदि को भी सामान्य बनाए रखता है। हालांकि विटामिन ए की कमी से आंखों में होने वाला रतौंधी रोग सबसे ज्यादा होता है।
इसके अलावा जिला टीकाकरण पदाधिकारी डॉ. एसपी विनायक ने बताया कि विटामिन ए के लाभ इतने स्पष्ट हैं कि इसकी तुलना पूरक औषधियों से नहीं की जा सकती है। उन्होंने बताया अंतरराष्ट्रीय शोध में यह साबित हो चुका है कि निम्न व मध्यम आयवर्ग वाले देशों में पांच साल से कम उम्र वाले बच्चों को विटामिन ए की खुराक देने ये उनमें मृत्यु, बीमारी और दृष्टिहीनता दर में कमी आ सकती है। विटामिन ए की खुराक मृत्युदर में करीब एक चौथाई की कमी ला देती है।