सार
अबतक सीवान से एनआईए ने कई युवकों को उठाया है, लेकिन इस बार एक चप्पल कारोबारी सदाकत अली को गवाही के लिए नोटिस मिला है। आतंकी गतिविधियों की जांच करने वाली एजेंसी ने सदाकत को यह नोटिस क्यों भेजा इस बारे में परिवार या सीवान पुलिस कुछ नहीं बता पा रही है।
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने बिहार के सीवान जिले से एक चप्पल कारोबारी को कश्मीर बुलाया है। अबतक सीवान से एनआईए ने कई युवकों को उठाया है, लेकिन इस बार एक चप्पल कारोबारी सदाकत अली को गवाही के लिए नोटिस मिला है। आतंकी गतिविधियों की जांच करने वाली एजेंसी ने सदाकत को यह नोटिस क्यों भेजा इस बारे में परिवार या सीवान पुलिस कुछ नहीं बता पा रही है। 22 जुलाई के किसी केस के सिलसिले में उसे गवाही के लिए बुलावा सीवान पुलिस के जरिए ही आया है। पुलिस ने सदाकत के पटवा टोली स्थित मकान पर नोटिस पहुंचा दिया है, हालांकि यह भी जानकारी सामने आ रही है कि वह इस घर में परिवार के साथ नहीं रहता है।
आतंकवाद से जुड़ा केस मान रहे लोग, परिवार से दूरी बनाई
नोटिस मिलने के बाद से सदाकत के परिवार वाले डरे हुए हैं, क्योंकि वह कई वर्षों से अपने घर पर नहीं रहता है। लोगों को इतनी ही जानकारी है कि वह जामो में चप्पल का कारोबार करता है। एक चप्पल कारोबारी को थाने के जरिए नोटिस भेजकर एनआईए कश्मीर बुला रही है और किसी केस में गवाही भी ली जानी है, इसका मतलब लोग आतंकवाद से जोड़ रहे हैं। नोटिस की खबर फैलने के बाद आसपास के लोगों ने सदाकत के परिवार से दूरी बनाने की कोशिश शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि किसी आतंकी घटना से जुड़े लोगों का साथ देने या उसकी जानकारी होने पर ही गवाही के लिए बुलाया जाता है।
सीवान के कई युवक को एनआईए ले जा चुकी है कश्मीर
कश्मीर से आई एनआईए की टीम करीब 5 महीना पहले बसंतपुर, बड़हरिया व बभनौली सहित कई अलग-अलग इलाकों से कई युवकों को उठाकर ले जा चुकी है। ताजा मामले में नगर थाना इंस्पेक्टर जय प्रकाश पंडित ने इतना ही कहा कि संवेदनशील मामला होने के कारण ही एनआईए किसी को ले जाती है या बुलाती है। पुलिस ने नोटिस उसके पते पर पहुंचा दिया है। नोटिस के बावजूद अगर सदाकत नहीं जाता है तो उसपर कार्रवाई भी एनआईए की टीम ही करेगी।