केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय
- फोटो : Twitter
बिहार के वैशाली जिले में स्थित बाबा पतालेश्वरनाथ मंदिर में शुक्रवार को महाशिवरात्रि के मौके पर आयोजित शिव बरात में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय भगवान शिव के गाड़ीवान बनकर बैलगाड़ी चलाते हुए दिखे।
पतालेश्वरनाथ मंदिर में हर वर्ष की तरह एक खास शिव बरात का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालु शिव भक्ति में लीन होकर भगवान शिव का पारंपरिक विवाहोत्सव के साक्षी बनने के लिए इकट्ठा हुए। इसी आयोजन में केंद्रीय मंत्री भी गाड़ीवन बनकर पहुंचे। नित्यानंद राय समारोह में धोती-कुर्ता और सिर पर गमछा बांधकर भगवान शिव के गाड़ीवान बनें। उन्हें देखने के लिए जनता में काफी उत्साह देखने को मिला।
भगवान शिव की बरात के लिए बनाई गई बैलगाड़ी में विशेष तौर पर सजाया गया था। गाड़ी पर भगवान शिव की मूर्ति को स्थापित किया गया। इस बरात में हाजीपुर से आए हजारों लोग बाराती के तौर पर शामिल हुए। वे लोग बैलगाड़ी के साथ-साथ चल रहे थे।
बरात में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अपने परिवार के साथ पहुंचे। यहां वह पारंपरिक वेशभूषा धारण कर बैलगाड़ी पर सवार हुए और भगवान शिव के वाहन नंदी बैल को हांका। पीछे-पीछे चल रही बरात भगवान शिव के नारे लगाते रही।
नित्यानंद राय ने इस दौरान मीडिया से मुखातिब हुए और कहा कि वह अपने छात्र जीवन से ही इस बरात में बैलों को हांककर बारात की आगवानी करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह चाहें कहीं भी हो, हर वर्ष इस आयोजन में भाग लेने के लिए आता हूं। मंत्री ने अपने परिवार के साथ पतालेश्वरनाथ मंदिर में पूजा भी की।