तेजस्वी यादव के बिहार का डिप्टी सीएम बनने को लेकर चाहे जितने सवाल खड़े किए जा रहे हों लेकिन वो खुद को किसी तरह कमतर नहीं आंक रहे, यही कारण है कि कुर्सी संभालते ही उन्होंने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
सोमवार को पहली बार उप मुख्यमंत्री और पथ निर्माण मंत्री का चार्ज लेने के बाद उन्होंने अपने इरादे भी स्पष्ट कर दिए। विकास के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए कहा कि विकास और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा।
राज्य के आखिरी व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे हमारा पूरा प्रयास यही रहेगा। उन्होंने कहा मैं अपनी पूरी जान लगा दूंगा लेकिन बिहार के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोडूंगा। भ्रष्टाचार के मामले पर उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी तरह की मुरव्वत नहीं बरती जाएगी।