शिशिर सिन्हा बने खेल विवि के कुलपति।
- फोटो : सोशल मीडिया।
बिहार सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत हुए शिशिर कुमार सिन्हा को बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर का कुलपति निुयक्त किया है। बिहार सरकार के खेल विभाग के अवर सचिव उमाकांत प्रसाद ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर के आदेश के आद यह अधिसूचना जारी की है। बिहार सरकार की ओर से जारी चिट्ठी में लिखा गया है कि बिहार खेल विवि, अधिनियम 2021 की धारा 11(V) में निहित प्रावधान के आलोक में 1982 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत हो चुके शिशिर सिन्हा को बिहार खेल विवि का प्रथम कुलपति नियुक्त किया जाता है।
यहीं होगा एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी
बिहार में पहली बार आयोजित होने जा रही एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी राजगीर स्थित खेल विवि के परिसर में खेले जाएंगे। एशिया की छह प्रमुख टीम भारत, चीन, मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड इस प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। यह टूर्नामेंट 11 से 20 नवंबर तक राजगीर के राजकीय खेल अकादमी-सह-खेल परिसर में आयोजित किया जाएगा, जो बिहार के खेल इतिहास में एक सुनहरा अध्याय जोड़ने वाला है।
बिहार के खेल भविष्य का निर्माण स्थल है
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 29 अगस्त को नालंदा जिला के राजगीर खेल परिसर स्थित राज्य खेल अकादमी एवं बिहार खेल विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया था। राजगीर के हिन्दुपुर-ठेरा मौजा में 90 एकड़ भूमि पर 750 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह विशाल खेल परिसर न केवल राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित होगा, बल्कि देश के खेल मानचित्र पर बिहार को एक नई पहचान देगा। खेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "यह अकादमी केवल एक भवन नहीं है, बल्कि बिहार के खेल भविष्य का निर्माण स्थल है। यहां खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का वैज्ञानिक प्रशिक्षण मिलेगा। इस अकादमी में एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल स्टेडियम, हॉकी टर्फ, स्विमिंग पूल, और कई अन्य खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं हैं।