फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: पुलिस हिरासत के दौरान युवक की मौत कैसे हुई? मां का आरोप- बेटे ने फोन कर कहा था, मुझे जल्दी छुड़ा लो

Tue, 24 Nov 2026 04:39 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा

सार

Bihar News: सहरसा के एक थाने में हुई घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और हिरासत में रखे जाने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला सामने आने के बाद महकमे में भी हलचल तेज है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद इसकी पड़ताल में जुटे हैं। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है।
विज्ञापन
जांच में जुटी पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के सहरसा जिले के सौरबाजार थाना परिसर में मंगलवार सुबह पुलिस अभिरक्षा में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कचरा गांव के वार्ड संख्या-9 निवासी 26 वर्षीय अनमोल शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि युवक ने थाने के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। वहीं, परिजनों ने पुलिस पर हत्या और युवक को छोड़ने के बदले रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही, पूरे मामले की जांच के लिए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है।
विज्ञापन


शादीशुदा महिला के साथ जाने के मामले में थाने लाया गया था युवक
परिजनों के मुताबिक, अनमोल के साथ गांव की एक शादीशुदा महिला चली गई थी। महिला के पिता ने 21 नवंबर को सौरबाजार थाने में इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद 22 नवंबर को अनमोल और महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया था। अनमोल की पत्नी रीना छह महीने की गर्भवती हैं। मृतक की मां सीता देवी का कहना है कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अनमोल ने फोन कर उनसे जल्द छुड़ाने की गुहार लगाई थी। परिजनों का आरोप है कि थाने के मुंशी ने युवक को छोड़ने के बदले 20 हजार रुपये मांगे थे। परिवार रुपये जुटाने की कोशिश कर रहा था, इसी बीच करीब नौ बजे अनमोल की मौत की सूचना मिल गई। परिजनों ने यह आरोप भी लगाया कि पुलिस ने उन्हें जानकारी दिए बिना शव को सदर अस्पताल पहुंचा दिया। 

पुलिस का दावा- शौचालय में खुद को किया बंद, सीसीटीवी में दिखा प्रवेश
सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह के अनुसार, सौरबाजार थाना कांड संख्या 398/26 के अभियुक्त अनमोल कुमार मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वॉशरूम गया था। प्रारंभिक जांच में थाने के सीसीटीवी फुटेज में वह शौचालय के भीतर जाता और अंदर से कुंडी लगाता दिखाई दे रहा है। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान उसने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद पुलिसकर्मी उसे तत्काल सदर अस्पताल, सहरसा ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।  राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

बिहार: पटना में पारिवारिक विवाद के बाद युवक की मौत, दाह संस्कार से पहले पुलिस ने शव को कब्जे में लिया

थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित
विज्ञापन

एसपी विक्रम सिहाग ने ड्यूटी में लापरवाही और हाजत से जुड़े नियमों के उल्लंघन के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस केंद्र क्लोज कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में सौरबाजार थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी, मामले की अनुसंधानकर्ता शिवानी कुमारी, ओडी पदाधिकारी अनंत कुमार सिंह, सिपाही मुन्ना कुमार और चौकीदार राजकिशोर शर्मा शामिल हैं। एसपी ने कहा है कि युवक को छोड़ने के बदले रुपये मांगे जाने के आरोपों की भी जांच की जाएगी। जांच में किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल, विशेष टीम पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों से मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें