बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र के बड़कागांव में मिनी ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर कोलवाड़ा से बारात में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान करजा थाना क्षेत्र के बड़कागांव बसंतपुर निवासी विकास कुमार (30) और देवरिया थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव निवासी कर्ण कुमार (25) के रूप में हुई है। वहीं, घायल सुबोध कुमार का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
इस घटना को लेकर मृतकों के परिजन दशरथ पासवान ने बताया कि तीनों बारात में गए थे। विकास उनका चचेरा भाई था, जबकि कर्ण उनका फुफेरा भाई था। देर रात तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़कागांव मिडिल स्कूल के पास सामने से आ रहे मिनी ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि कर्ण की शादी होने वाली थी। तीन दिन पहले ही लड़की वाले उसे देखने आए थे। परिवार में शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। घर में शादी की खुशियां आने वाली थीं, लेकिन इस हादसे ने सबकुछ खत्म कर दिया। वहीं, मृतक विकास कुमार के दो छोटे बच्चे हैं। हादसे में पिता की मौत से उनके सिर से पिता का साया उठ गया। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
दशरथ ने बताया कि विकास अपने ननिहाल आया हुआ था। वहीं से तीनों बारात में शामिल होने के लिए गए थे।
ये भी पढ़ें- भूकंप: नींद खुली और धरती डोली, कार्तिक पूर्णिमा की सुबह बिहार में लोगों को कैसा झटका लगा?
मृतकों की पहचान कर ली गई है
पूरी घटना को लेकर करजा थानाध्यक्ष राम इकबाल प्रसाद ने बताया कि देर रात सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक बाइक पर तीन युवक सवार थे।
इसी दौरान सामने से आ रहे मिनी ट्रक से उनकी टक्कर हो गई। मृतकों की पहचान कर ली गई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
भीषण सड़क दुर्घटना
भीषण सड़क दुर्घटना