बिहार में चुनाव से पहले राजद को बड़ा झटका लगा है। प्रदेश उपाध्यक्ष व संदेश के पूर्व विधायक विजेंद्र यादव ने राजद से इस्तीफा दे दिया है। विजेंद्र यादव की भूमिका भोजपुर में किंगमेकर के तौर पर रही है। हालांकि, काफी दिनों से वो पार्टी से नाराज चल रहे थे। इस्तीफे का कारण पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि पार्टी में अब बुजुर्गों का सम्मान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि लालू जी अब वो लालू जी नहीं रहे जो वे 1990 से 2000 के बीच हुआ करते थे।
विजेंद्र यादव, आरा के संदेश से दो बार विधायक रहे हैं। वर्तमान में उनके भाई अरुण यादव संदेश से आरजेडी के विधायक हैं। विजेंद्र यादव ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को अपना इस्तीफा भेज दिया। इसी के साथ आरजेडी से करीब तीन दशक पुराना नाता उन्होंने तोड़ने का ऐलान किया।