दरभंगा में बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग करते हुए तीन लोगों को घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद मुहल्ले की है। गोली मारने वाले युवक को स्थानीयो लोगों ने खदेड़कर पकड़कर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस घटना में गोली लगने से छोटू यादव और तरुण पासवान घायल हो गए हैं। तीसरा शख्स राहगीर था इसलिए फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
आरोपी के घर के पास भीड़ ने की जमकर तोड़फोड़
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोली मारने वाले आरोपियों की पहचान मोहम्मद शरवर और अमजद इकबाल खान के रूप में की गई है। फायरिंग करते हुए लोगों ने दोनों को देख लिया था इसलिए आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर पर चढ़कर मोहम्मद शरवर को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। इस दौरान भीड़ ने उसके घर के पास लगे कई बाइकों को भी तोड़फोड़ दिए।
जानिए किसका कहां चल रहा इलाज
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बड़ी मुश्किल से घायल आरोपी मोहम्मद शरवर को अपने साथ ले जाकर डीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल राहगीर भी डीएमसीएच में ही भर्ती है जबकि तरुण पासवान परस में और छोटू निजी क्लिनिक में भर्ती है। घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी सदर सहित अन्य थानों की घटनास्थल पर पहुंच गई है। फिलहाल क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
फायरिंग की वजह रुपये का लेनदेन
घटना के संबंध में दरभंगा डीडीसी प्रतिभा रानी ने
अमर उजाला को बताया कि शुरूआती समय में यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि आरोपी ने गोली क्यों चलाई लेकिन अब यह बात सामने आ रही है कि यह मामला रुपयों के लेनदेन से जुड़ा हुआ है। हालांकि पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बदमाशों के द्वारा गोली चलाने के पीछे की असल वजह क्या है। दरभंगा डीडीसी प्रतिभा रानी ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारियां हुई हैं जिसमें एक इलाजरत है। बाकी अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। डीडीसी प्रतिभा रानी ने महिला को हिरासत में लिए जाने की बात से इंकार किया है।