पटना में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि राजेंद्र नगर स्थित रॉयल ऑर्बिट होटल से गुरुवार को दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। दाेनों के पास से दुर्लभ प्रजाति की छिपकली टोके गिको मिली है। यह पश्चिमी बंगाल से लाई गई थी। दोनों तस्कर इस छिपकली को बेचने में लगे थे। होटल में मोटी रकम में बेचने की डील होने वाली थी। इसी बीच इसकी जानकारी वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) को हुई। उन्होंने छापेमारी कर दोनों तस्करों को पकड़ लिया।
25 लाख में तय हो चुका था छिपकली का सौदा
पुलिस ने बताया कि 'पूछताछ में पता चला है कि तस्करी करने वाले 25 लाख में दुर्लभ प्रजाति की छिपकली का सौदा कर चुके थे। होटल के बंद कमरे में यह सौदा पक्का हो गया था। बस पैसों के आने का इंतजार था। इसी दौरान पटना वन प्रमंडल की ओर से गठित छापेमारी दल व सशस्त्र पुलिस बल की ओर से छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान तस्करों के पास दुर्लभ प्रजाति के अनुसूची चार के टोके गिको की बरामदगी हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस छिपकली की कीमत करीब एक करोड़ बताई जा रही है। मौके से दो तस्करों को पकड़ा गया जबकि साथ आए दो तस्कर फरार हो गए।
कटिहार के हैं दोनों तस्कर
वन प्रमंडल की पदाधिकारी रुचि सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों वन तस्कर कटिहार के निवासी हैं। छापेमारी में वन क्षेत्रों के पदाधिकारी, वन पाल, वन रक्षी के साथ ही पत्रकार नगर थाने के आरक्षी अवर निरीक्षक अविनाश कुमार व अन्य सशस्त्र पुलिस बल शामिल हुए। बरामद दुर्लभ प्रजाति की छिपकली को जब्त कर लिया गया है और गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।