बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने ही वाला है। चुनाव आयोग इसी महीने किसी भी दिन तारीखों की घोषणा कर सकता है। इससे पहले मतदाताओं को रिझाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ताबड़तोड़ उद्घाटन व शिलान्यास करने में लगे हुए हैं।
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का कार्यारंभ
पटना स्मार्ट सिटी के तहत 15.97 करोड़ की लागत से इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भवन का कार्य भी शनिवार से शुरू होगा।वहीं, बिहारशरीफ स्मार्ट सिटी के तहत 102.94 करोड़ की लागत से इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का कार्यारंभ किया जाएगा।इसके अलावा स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत साल के अंत तक वीरचंद पटेल पथ को मॉडल रोड के रूप विकसित किया जाएगा, साथ ही 10 जनसेवा केंद्र और पटना के अदालतगंज तालाब परियोजना को भी पूरा किया जाएगा।
पटना स्मार्ट सिटी की योजनाएं
पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के लिए भवन का निर्माण किया जाना है जो श्रीकृष्ण मेमोरियल भवन के निकट स्थित वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के कार्यालय के निकट स्थित होगा। यह इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल भवन से पटना शहर को दी जाने वाली सभी तकनीकी सुविधाओं का मसलन ट्रैफिक लाइट प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरे से निगरानी विधि व्यवस्था, महिला सुरक्षा, ठोस कचरा प्रबंधन, अपराध नियंत्रण एवं अन्य आकस्मिक स्थितियों का अनुश्रवण किया जा सकेगा। इस भवन का क्षेत्रफल 625 वर्ग मीटर और चार मंजिला होगा। इसके चौथे तल्ले पर पटना स्मार्ट सिटी का कार्यालय होगा। इस परियोजना की लागत 15.97 करोड़ रुपये होगी।
बिहारशरीफ स्मार्ट सिटी योजना का भी होगा शिलान्यास
बिहारशरीफ स्मार्ट सिटी लिमिटेड इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की कुल लागत 102.94 करोड़ रुपये है। उक्त योजना के तहत शहर में कुल 141 विभिन्न स्थलों पर कुल 495 उच्च गुणवत्ता के सर्विलांस कैमरा लगाए जाने हैं।