चार्टर्ड प्लेन में अपना जन्मदिन मनाने को लेकर विरोधियों का हमला झेल रहे बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख तेजस्वी यादव ने अपनी सफाई में मंगलवार को कहा कि दूध बेचने वाले का प्लेन में चढ़ना लोगों को पच नहीं रहा है।
तेजस्वी ने मंगलवार को अपने ट्विटर हैंडल पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें वह विमान में यात्रा के दौरान चाय पी रहे हैं। इसके साथ ही तेजस्वी ने ट्वीट किया कि 'दूध बेचने वाले के प्लेन में चढ़ने से लोग परेशान। दूध वाला प्लेन में चढ़ चाय कैसे पी रहा। यह एक और इल्जाम हम पर आ रहा...।'
उन्होंने आगे कहा कि 'हम सड़क पर अमरूद, भुट्टा, भूंजा और चाट भी खाते है और प्लेन में कबाब भी। लेकिन पेट दर्द किसी और को होता है।'
तेजस्वी ने 11 नवंबर को ट्वीट कर कहा 'जन्मदिवस पर मिले आपके बधाई संदेशों और प्यार से अभिभूत हूँ। आपका यही असीम स्नेह मुझे विषम परिस्थितियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा और ऊर्जा देता है कि बिहार के जन-जन की आवाज़ बन सकूँ, हर क्षण और कण-कण खुद को आपकी सेवा में ख़ुद को अर्पित-समर्पित कर सकूँ।'
इसके जवाब में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता निखिल आनंद ने मंगलवार को तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा, 'गौपालक व दूधवाले तो बीपीमंडल, दारोगा राय, नित्यानंद राय भी हैं। दूधवाला बता विक्टिम कार्ड न खेलें...दिल पर न लें, खुश रहें।'
गौरतलब है कि 11 नवंबर को चार्टर्ड प्लेन में अपना जन्मदिन मनाया था। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इन तस्वीरों में तेजस्वी के साथ उनके करीबी संजय यादव और मणि यादव भी दिखें। इसके अलावा तेजस्वी के साथ लालू यादव के सबसे पुराने और विश्वासी सहयोगी भोला यादव भी नजर आए।