बिहार में शराबबंदी के बाद अजीबोगरीब मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है बक्सर जिले में जहां शराब की एक दर्जन छोटी बोतलों के साथ पुलिस ने एक वृद्ध महिला को पकड़ा।
शराब खरीदने के लिए बिहार का बार्डर पार कर यूपी की लंबी दूरी तय करने वाली माया खरवार नाम की महिला ने बताया कि अपने परिवार में हुई मौत में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसे शराब की जरूरत है इसलिए उसे छोड़ दिया जाए। पुलिसकर्मी के लाख समझाने के बाद भी महिला मानने को तैयार नहीं हुई। मजबूर होकर पुलिस को वृद्धा को छोड़ना पड़ा।
वहीं एक ओर वृद्ध महिला को तो अपनी पारंपरिक रीति रिवाज के लिए शराब खरीदने की जरूरत पड़ी लेकिन बिहार के सीमांत इलाकों से इस तरह यूपी जाने वालों की बड़ी तादाद है जो शाम ढलते ही शराब की तलाश में निकल लेते हैं।
अभी शादियों का सीजन है और ऐसे में मूड सेट करने के लिए भी युवाओं को शराब की जरूरत पड़ रही है। शराब के स्थानीय व्यवसायी बताते हैं लगन के दिन बिहार से सटे यूपी के इलाकों की सारी दुकानें भीड़ से भरी होती हैं।