Murder Case : एक युवक चार दिन पहले ही असम से अपने गांव आया था। गांव के कुछ लोग उसे बुलाकर अपने घर ले गये, जहां उसकी तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले गये, जहां युवक की मौत हो गई।
मुजफ्फरपुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह बीते तीन दिनों से इलाजरत था और आज उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि युवक को कुछ लोग बुलाकर ले गए और उसे जहर देकर मार डाला। घटना मोतीपुर थाना क्षेत्र के परसौनी गांव की है। मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर मामले की जांच में जुट गई है। मृतक युवक की पहचान धर्मेन्द्र कुमार सहनी (28) के रूप में की गई है।
विज्ञापन
गांव के लोगों पर जहर देने का लगाया आरोप
घटना के संबंध में मृतक के भाई ने बताया कि मेरा भाई धर्मेंद्र असम के दीमापुर जिले में निजी कंपनी में काम करता था। चार दिन पहले ही वह अपने गांव आया था। गांव के कुछ लोगों से हमारा पूर्व से विवाद चल रहा है। उनलोगों ने मेरे भाई को बुलाकर अपने घर ले गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर घर के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि धर्मेंद्र उन्हीं लोग के घर पर है। उसकी तबियत खराब थी और उसके मुंह से झाग आ रहा था, जिसके बाद हमलोग आननफानन में उसे लेकर अस्पताल में ले गये। उसकी हालत लगातार बिगड़ती ही जा रही रही थी। आज इलाज के दौरान इसकी मौत हो गई। मृतक के भाई धर्मेंद्र सहनी ने जहर देकर मार देने का आरोप लगाया है।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का है इंतजार
घटना के संबंध में डीएसपी वेस्ट अभिषेक आनंद ने बताया कि मोतीपुर थाना क्षेत्र के एक युवक की मौत होने की जानकारी पुलिस को दी गई है । शव को पोस्टमार्टम कराया जाने के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगा। परिजन का बयान लिया जा रहा है, मामले की जांच की जा रही है।