Suicide : सोशल मीडिया पर एक लड़की का वीडियो वायरल होने के बाद
गांव के एक लड़के ने खुदकुशी कर ली। परिजन का आरोप है कि लड़की के घर वाले और स्थानीय पुलिस के द्वारा टॉर्चर किये जाने के कारण उनके पुत्र ने खुदकुशी की है।
नालंदा में किराये के कमरे में रह रहे एक छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक सिलाव थाना क्षेत्र के वरनौसा गांव निवासी नरेश सिंह का पुत्र राहुल कुमार था, जो वर्तमान में शिवाजी कॉलनी में रहकर आर्मी की तैयारी कर रहा था। घटना के संबंध में मृतक के चाचा का कहना है कि गांव के ही किसी लड़की का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में दो दिन पूर्व सिलाव थाना की पुलिस ने राहुल को पूछताछ के लिए थाना ले गई। उनका आरोप है कि राहुल ने पुलिस और लड़की के परिजनों के द्वारा प्रताड़ित किये जाने की वजह से ही आत्महत्या कर लिया। घटना लहेरी थाना क्षेत्र के शिवाजी कॉलनी की है।
विज्ञापन
घटनास्थल से मिला सुसाइड नोट
परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही लहेरी थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। बताया जाता है कि वह सुसाइड नोट राहुल के द्वारा ही लिखा गया है। उस सुसाइड नोट में लिखा है जो वीडियो वायरल हुआ है उससे उसका कोई लेना देना नहीं है। इस मामले में लड़की के परिवार के द्वारा उसे लगातार टॉर्चर किया जा रहा था। इसी वजह से उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।