मंगलवार दोपहर महिला अपनी बेटी की शादी के लिए खरीदारी करने बाजार जा रही थी। इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे रौंद डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। मंगलवार दोपहर महिला अपनी बेटी की शादी के लिए खरीदारी करने बाजार जा रही थी। इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे रौंद डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना बेल-पौथु रोड में औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र में चपरी गांव के पास मंगलवार को दोपहर बाद की है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
मामले की जांच में जुट गई पुलिस
इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। स्थानीय पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया है। वही परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतका की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के करसांव निवासी अमोद शर्मा की पत्नी किरण देवी के रुप में की गई है।
अनियंत्रित ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमोद शर्मा की बेटी की शादी अगले ही महीने होने वाली है। इसी को लेकर उनकी पत्नी खरीदारी करने ओबरा बाजार जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में बेल-पौथु रोड पर चपरी स्थित धर्मकांटा के पास अनियंत्रित ट्रक ने महिला जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने महिला को घायल अवस्था में अचेत समझते हुए इलाज के लिए ओबरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।