सारण में अपरधी बेखौफ हो चुके हैं। एक दिन पूर्व मसरख थाना क्षेत्र में ट्रक ड्राइवर को गोली मारी गई थी। आज बनियापुर थाना क्षेत्र के रजौली गांव की महिला वार्ड सदस्य के बेटे को गोली मार कर मौत के घाट उतार देने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि गांव के धूमल की साठ गांठ अपराधियों से है और पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर धूमल और सोनू के बीच विवाद चल रहा था। इसके बाद इस घटना को अंजाम दिया गया है फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान बनियापुर थाना क्षेत्र के रजौली गांव निवासी अरविंद सिंह के 25 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार सिंह के रूप में हुई है। साेनू की मांबनियापुर प्रखंड अंतर्गत कामता पंचायत के वार्ड नंबर - 14 की वार्ड सदस्य हैं।
हालचाल पूछने के बाद मार दी गोली
परिजनों का कहना है कि रजौली गांव के अरविंद सिंह अपने दो पुत्र चंदन और सोनू के साथ अपने खेत में काम करने जा रहे थे। तभी गांव का ही धूमल नाम का युवक आया और सोनू से हाल चाल पूछते हुए कट्टा निकाल कर गोली मार दिया। हालांकि बीच बचाव करने गए सोनू के भाई और पिता पर भी फायरिंग करते हुए घटना को अंजाम देकर आराम से फरार हो गया। हालांकि, दोनों बाल-बाल बच गए। इसके बाद दोनों ने घायल सोनू को लेकर रेफरल अस्पताल बनियापुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इधर, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलीस बोली- जमीन विवाद में हत्या हुई है
सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने बताया कि पूर्व के जमीनी विवाद को लेकर खेत पटवन के दौरान स्थानीय रजौली गांव निवासी जयमंगल सिंह के पुत्र रोहित कुमार के द्वारा इसी गांव के अरविंद सिंह के 25 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार को गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। हालांकि उक्त सूचना मिलने पर बनियापुर थाने की पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल पहुंच कर घटना की जांच किया गया। वही जांच के दौरान घटना स्थल से एक फायर बुलेट बरामद किया गया है। बनियापुर थाना द्वारा नामजद प्राथमिकी दर्ज कर अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए टीम बनाई जा रही है। साथ ही FSL टीम एवं जिला स्तरीय टीम को घटना स्थल का निरीक्षण के लिए बुलाया गया है। गांव में पुलिस टीम द्वारा भ्रमण किया जा रहा है।