नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए पर्यटन के क्षेत्र में महागठबंधन सरकार ने टूरिज्म पॉलिसी लाया था लेकिन सीएम नीतीश ने ऐन मौके पर पलट गये। आज वो सारे काम रूके पड़े हुए हैं। आप पांच साल का मौका दें, हम बिहार बदलने के प्रति संकल्पित हैं।
राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में राजद व्यवसायिक प्रकोष्ठ की ओर से दानवीर भामाशाह की जयंती मनायी गई। तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार को टायर्ड मुख्यमंत्री और रिटायर्ड अधिकारी की जरूरत नहीं है। समाज को जोड़ने में आप सभी लोग सहयोग करें। हम आपको भयमुक्त वातावरण देने का कार्य करेंगे। आपलोग नया बिहार बनाने के लिए एक साथ मिलकर हमें मौका दीजिए, हम आपको नया बिहार बनाकर देंगे। आपसभी को पता है कि 17 महीने के महागठबंधन सरकार ने बिहार में व्यापार और व्यापारियों को आगे बढ़ने का मौका दिया, जहां 50 हजार करोड़ का निवेश हुआ। वहीं पांच लाख से ऊपर लोगों को सरकारी नौकरियां दी जिसमें सभी वर्गों और समाज के लोगों को नौकरी मिली। 3.50 लाख रिक्तियां छोड़कर आये थे उसे भी डबल इंजन सरकार भर नहीं पायी है।
विज्ञापन
हम चार कदम आपके साथ खड़े रहेंगे
तेजस्वी यादव ने कहा कि जिस तरह से मौजूदा सरकार व्यवसायियों के खिलाफ काम कर रही है। चाहे जीएसटी का मामला हो या अन्य तरह के टैक्स का मामला हो, आर्थिक रूप से केन्द्र और राज्य सरकार प्रताड़ित कर रही है। वहीं दूसरी ओर हत्या, लूट, अपराध और अत्याचार की घटनाओं के कारण व्यापारियों में भय व्याप्त है। किस तरह से एनडीए की सरकार आपलोगों के विरूद्ध कार्य कर रही है यह आप सभी लोगों को पता है। उसका आकलन आपलोग स्वयं करें, डबल इंजन सरकार आपलोगों के हितों के खिलाफ क्यों कार्य कर रही है। हमारी पीड़ा है कि आपके समाज को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और जिस तरह से भय के माहौल में आपलोगों को रहने के लिए मजबूर किया जा रहा है इसके खिलाफ संकल्पित होकर मजबूती के साथ आप सभी अपने स्वाभिमान की लड़ाई में हमारे साथ खड़े हों। आप एक कदम साथ देंगे तो हम चार कदम आपके साथ खड़े रहेंगे।
खगड़िया के अंचलाधिकारी पर गिरी गाज, काम में लापरवाही के साथ हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना का भी आरोप
भामाशाह के विचार को आगे बढ़ायें
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि भामाशाह दानवीर रहे हैं, उनके बारे में कौन नहीं जानता है। उन्होंने स्वाभिमान की लड़ाई में महाराणा प्रताप को हमेशा सहयोग किया। भामाशाह के विचारों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है और सभी एक-दूसरे के साथ सहयोगात्मक रवैया रखकर उनके विचारों को मजबूती प्रदान करें। तेजस्वी यादव ने कहा कि वैश्य समाज को राष्ट्रीय जनता दल ने हमेशा मान-सम्मान दिया है और आप लोगों से जो विश्वास का रिश्ता बना है उसको और मजबूत करना है। आप सभी स्वाभिमान की लड़ाई में भामाशाह के विचार को आगे बढ़ायें।