दरभंगा जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना इंडस्ट्रियल एरिया धरमपुर की है, जहां एक एल्युमीनियम फैक्ट्री में काम कर रहे युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के गुदरी बाजार निवासी अरुण सिंह के रूप में हुई है।
अरुण की मां मंजू देवी ने बताया कि उनका बेटा रोज की तरह फैक्टरी गया था। कुछ देर बाद फैक्टरी से फोन आया कि अरुण को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। जब परिवार अस्पताल पहुंचा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मंजू देवी ने रोते हुए कहा कि उसके दो छोटे बच्चे हैं, अब उनका लालन-पालन कौन करेगा? अरुण की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।
दूसरी घटना सदर थाना क्षेत्र के दिल्ली मोड़ की है, जहां एक निर्माणाधीन मकान में लोहे की छड़ें पहुंचाते समय श्रवण पंडित नामक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक बहादुरपुर थाना क्षेत्र के आंकोपुर गांव का निवासी था। मृतक के भाई चंदन पंडित ने बताया कि श्रवण कुछ साथियों के साथ काम करने गया था। छत पर सरिया चढ़ाते वक्त वह हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना में एक अन्य युवक झुलस गया, जिसका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।