इस दशा में विद्यालय पहुंचे शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
अलग अलग तरह से शिक्षकों को फजीहत का होना पड़ा शिकार
इस संबंध में टीईटी प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश संयोजक राजू सिंह ने कहा कि पूरे बिहार में कहीं 25 मार्च तो कहीं 26 मार्च को होली मनाई जा रही है। इसके बाद भी बिहार के शिक्षा विभाग के द्वारा आज विद्यालय को खोले रखने का आदेश दिया गया। हालांकि होली होने की वजह से बच्चों की उपस्थिति विद्यालय में नगण्य रही लेकिन शिक्षा विभाग के आदेश की वजह से शिक्षकों को विद्यालय पहुंचना पड़ा। इस दौरान उन्हें होली के हुड़दंगियों का भी सामना करना पड़ा। विद्यालय आने के क्रम में हुड़दंगियों से बचने की कोशिश में दर्जनों शिक्षकों के या तो सर फट गए या उनके हाथ टूट गये या फिर अन्य तरह से वेलोग घायल हो गये। हुड़दंगियों ने उन शिक्षकों को गंदे कीचड़ और गोबर से गंदा कर दिया। यहां तक कि शिक्षिकाओं को भी इस तरह की फजीहत का सामना करना पड़ा। शिक्षकों के कपड़े भी फाड़ दिए गए।
हुड़दंगियों के शिकार घायल शिक्षकों के साथ शिक्षक राजू सिंह।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
पूछा, कौन हैं जिम्मेदार
इस संबंध में टीईटी प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश संयोजक राजू सिंह ने कहा कि अब तो इस बात की भी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए कि आज किस उद्देश्य के लिए सरकारी विद्यालयों को खुला रखने का आदेश दिया गया।. उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों के साथ दुर्घटना हुई है, इसके जिम्मेदार कौन हैं? इस घटना की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री, गवर्नर और प्रधानमंत्री से लगाईं गुहार
टीईटी प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश संयोजक राजू कुमार ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में जो एनडीए की सरकार है, वह जानबूझकर शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के द्वारा शिक्षकों को प्रताड़ित कर रही है। पर्व त्यौहार के दिनों में भी घर-परिवार और बाल-बच्चों से शिक्षकों को दूर रखने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि हैं आप बिहार के शिक्षकों की वेदना को समझने की कोशिश करें और शिक्षा विभाग के द्वारा जिस तरह से शिक्षकों को प्रताड़ित किया जा रहा है, इसपर संज्ञान लेते हुए बिहार के नियोजित शिक्षकों के साथ न्याय करें।
विद्यालय में पढने आये बच्चे और हुड़दंग करने आये असामाजिक तत्व।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विद्यालय में घुसे हुड़दंगी
टीईटी प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश संयोजक राजू कुमार ने कहा कि शिक्षकों को विद्यालय आने में जो फजीहत हुई वह तो हुई ही लेकिन हद तो तब हो गई जब कुछ हुड़दंगी शिक्षिका का पीछा करते हुए विद्यालय कैंपस में घुस गये। उन लोगों ने शिक्षिका पर अमर्यादित टिप्पणी भी की। फिर विद्यालय में मौजूद शिक्षकों ने फोनकर स्थानीय लोगों को बुलाया तब हुड़दंगी वहां से फरार हुए। यह घटना मुजफ्फरपुर जिला के बोचहा स्थित मध्य विद्यालय रामपुर जयपाल की है।