आरा तनिष्क शोरूम लूटकांड
- फोटो : अमर उजाला
दिनदहाड़े लूट की चर्चा पूरे देश में
आरा शहर के बीचोबीच स्थित
तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में सोमवार दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने पूरी दुकान को लूट लिया। करीब 30 मिनट तक शोरूम के अंदर आतंक मचाते हुए लुटेरे एक-एक स्टॉल से ज्वेलरी समेटते रहे, लेकिन महज 600 मीटर दूर मौजूद नगर थाना पुलिस घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी।
लूटपाट के बाद ज्वेलरी शॉप के स्टाफ ने करीब 24 करोड़ के सोने चांदी और हीरे के जेवरात के लूट होने की बात कही थी। घटना की चर्चा पूरे देश में हुई। बिहार पुलिस मुख्यालय ने फौरन संज्ञान लिया और भोजपुर एसपी को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके बाद पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया था। अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग भी की थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो अपराधियों को गोली मार दी। इसमें दोनों घायल हो गए। पुलिस अभिरक्षा में इनका इलाज चल रहा है।
आरा तनिष्क शोरूम लूटकांड
- फोटो : अमर उजाला
मुठभेड़ के दौरान दो अपराधियों को लगी गोली
पुलिस द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, लूट को अंजाम देने के बाद अपराधी डोरीगंज के रास्ते छपरा की ओर भाग रहे थे। लूट के दो घंटे के अंदर बड़ी कार्रवाई कर बड़हरा थाना पुलिस ने बबुरा छोटीपुल के पास उन्हें रोकने की कोशिश की। तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों में से एक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में दो अपराधी घायल हो गए। उनकी पहचान सारण जिले के दिघवारा निवासी विशाल गुप्ता (पिता भुनेश्वर प्रसाद) और सेमरा गांव, सोनोर के प्रदीप कुमार (पुत्र कुणाल कुमार) के रूप में हुई है।
दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके पास से तीन झोले में ज्वेलरी बरामद हुई है।