चिराग पासवान के शोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ किया गया पोस्ट
- फोटो : अमर उजाला
बिहारी अब और कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने सोशल मीडिया पर बिहार सरकार को घेरते हुए लिखा है- “बिहारी अब और कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे? समझ से परे है कि बिहार पुलिस की जिम्मेदारी क्या है?” बिहार सरकार के खिलाफ एक सप्ताह में उन्होंने यह दूसरा बयान दिया है। दरअसल उनको बम से उड़ाने की धमकी देने के बाद उनका यह बयान आया है। शुक्रवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद उनके मुख्य प्रवक्ता राजेश भट्ट ने सायबर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। हालांकि चिराग पासवान का सोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ ऐसा लिखना फिलहाल राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग यह पूछने लगे हैं कि अब फिर चुनावी मौसम है और ऐसे में चिराग पासवान के द्वारा ऐसे बयान देने का क्या मतलब हो सकता है? कहीं यह लोक सभा का वाला राजनीतिक गेम तो नहीं? हालाँकि इस विषय पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेश भट्ट ने कहा कि बिहार पुलिस और राज्य में बढ़ते अपराधों को लेकर चिराग पासवान ने ऐसा लिखा है।
यह खबर भी पढ़िये-Bihar : बिहार चुनाव से पहले ही दीघा और गया शहरी सीट के मतदाता पिछड़े, जानिये चुनाव आयोग ने क्या आंकड़े जारी किये
पीएम को कहिये बिहार में अब जंगलराज आ गया है
राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिराग पासवान के बयान से विपक्ष को भी सत्तारूढ़ गठबंधन पर हमला करने का अवसर मिल गया है। आरजेडी, कांग्रेस और वाम दल पहले से ही बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार को घेरते रहे हैं, अब चिराग के इस बयान ने विपक्ष के सुर को और धार दे दी है। इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष ने डबल इंजन की सरकार पर हमला करते हुए चिराग पासवान पर तंज कसा है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि चिराग पासवान को इसकी शिकायत प्रधानमंत्री से करनी चाहिए और उन्हें बताना चाहिए कि बिहार में अब जंगलराज आ गया है।