लालू प्रसाद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
कुछ दिन पहले राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने महाकुंभ मेले पर टिप्पणी की थी। इसके बाद लोग इसे भूल गए थे। लेकिन, सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने भागलपुर में जनसभा को संबोधित करने के दौरान फिर से इसकी याद दिलाई। पीएम मोदी ने लालू परिवार पर हमला बोला। पहले तो जंगलराज वाले कहकर तंज कसा। इसके बाद कुंभ मेले पर लालू प्रसाद टिप्णी की याद दिलाते हुए कहा कि पीएम मोदी ने कहा कि जंगलराज वालों को हमारी धरोहर और आस्था से नफरत है। इस समय प्रयागराज में एकता का महाकुंभ चल रहा है। यह भारत की एकता और समरसता का प्रतीक है। पूरे यूरोप की जनसंख्या से ज्यादा लोग अब तक कुंभ में डुबकी लगा चुके हैं। बिहार से गांव-गांव के लोग कुंभ में डुबकी लगा रहे हैं। लेकिन, यह जंगलराज वाले लोग महाकुंभ को गाली दे रहे हैं। भद्दी-भद्दी गालियां दे रहे हैं। राम मंदिर को कोसने वाले लोग महाकुंभ पर टिप्पणी कर रहे हैं। ऐसे लोगों को बिहार कभी माफ नहीं करेगी।
कांग्रेस और जंगलराज वालों ने बिहार को बदनाम किया
इतना ही नहीं पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और जंगलराज वालों ने बिहार को बदनाम किया। बिहार को पीछे धकेला। पहले छोटे किसानों का हक भी बिचौलिए हड़प लेते थे। मोदी और नीतीश किसानों का हक का किसी को नहीं खाने देंगे। जब कांग्रेस और राजद वाले जब सरकार में थे तब जितना खेती किसानी का बजट रखा था उतना पैसा एनडीए सरकार आपके खाते में भेज चुकी है। कांग्रेस और जंंगलराज वालों के लिए किसानों की तकलीफ मायने नहीं रखती थी। बाढ़ और सूखा होने पर किसानों को उनके हाल पर छोड़ देते थे। 2014 में एनडीए सरकार आई तो किसान फसल बीमा फसल योजना लाई।
जानिए, क्या कहा था राजद सुप्रीमो ने
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने नई दिल्ली स्टेशन पर अव्यवस्था एवं भगदड़ के कारण हुई असामयिक मौत पर कहा था कि केंद्र सरकार की लापरवाही के कारण ऐसा हुआ है। उन्होंने कहा कि रेलवे के द्वारा सुरक्षा में बरती गई लापरवाही और रेलवे के द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के उपाय नहीं किए जाने के कारण ही इस तरह की घटनाएं हुई है। इस घटना पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और तत्काल उन्हें अपने पद से हट जाना चाहिए। महाकुंभ मेले पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि कुंभ का कोई मतलब नहीं है।
फालतू है कुंभ।