लोक सभा चुनाव के अंतिम चरण यानी 1 जून को पटना में मतदान होने हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पटना आ रहे हैं, जहां वह रोड शो करेंगे। इसके लिए पटना और रेलवे प्रशासन ने आम लोगों को परेशानी न हों इसके लिए अलग व्यवस्था की है। रविवार को पटना जंक्शन की दोनों पार्किंग सुविधा यानी उत्तर एवं दक्षिण छोर अर्थात महावीर मंदिर एवं करबिगहिया शनिवार की रात 10:00 बजे से रविवार की रात 10:00 बजे तक उपलब्ध नहीं रहेगी। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए केवल दक्षिण छोर (करबिगहिया छोर) पर पिक और ड्रॉप की सुविधा उपलब्ध रहेगी। पटना जंक्शन स्टेशन से बाहर निकलने के लिए यात्री करबिगहिया की तरफ से निकलेंगे।
दिए गये हैं हेल्प लाइन नंबर
पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन एवं मंडल के अन्य सभी स्टेशनों पर संभावित भीड़ के प्रबंधन के लिए यात्रियों की सहायतार्थ दो हेल्पलाईन नंबर 7209349777 एवं 7209342777 जारी किये गये हैं। यात्री इस सुविधा से अपनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ट्रेनों का दानापुर एवं राजेन्द्रनगर में अतिरिक्त ठहराव
यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए उनकी सुविधा के मद्देनजर रविवार को कुछ ट्रेनों का दानापुर एवं राजेंद्रनगर टर्मिनल पर पांच - पांच मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया गया है। दानापुर एवं राजेंद्रनगर पर डाउन दिशा में गाड़ी संख्या -15657, 12328, अप दिशा में 12317, 03413, 12367, 22197, 12369 तथा 12305 राजेंद्रनगर एवं दानापुर स्टेशन पर रुकेगी। वहीं गाड़ी संख्या 12309 अप राजधानी एक्सप्रेस, 12393 संपुर्ण क्रान्ति एक्सप्रेस का भी दानापुर स्टेशन पर पांच-पांच मिनट का ठहराव प्रदान किया गया है। गाड़ी संख्या 15126 पटना बनारस जनशताब्दी एक्स्प्रेस का दानापुर में पांच मिनट का ठहराव दिया गया है। वहीं डाऊन दिशा की गाड़ी संख्या 03132, 13006 एवं 12334 राजेंद्रनगर में पांच मिनट का अतिरिक्त ठहराव किया गया है।