बिहार लोक सेवा आयोग से हाल ही में चयनित हेडमास्टरों का एक शिष्टमंडल शिक्षा मंत्री सुनील कुमार से मिला। मंत्री ने आश्वासन दिया कि 30 जून के बाद सभी हेडमास्टरों को जिला आवंटित कर दिया जाएगा और इसके तुरंत बाद तीन ब्लॉक चुनने का विकल्प भी मिलेगा।
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से हाल ही में चयनित हेडमास्टरों का एक शिष्टमंडल शनिवार को राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार से मुलाकात करने पहुंचा। यह शिष्टमंडल गोपालगंज जिले के मूल्यांकन परिषद् अध्यक्ष एवं बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के युवा शिक्षक नेता अमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री से मिला।
विज्ञापन
मुलाकात के दौरान शिष्टमंडल में रामएकबाल यादव, लोकेस कुमार यादव, खुशनैन अंसारी, संतोष कुमार यादव, सत्येंद्र बैठा और दिवाकर बैठा जैसे प्रमुख सदस्य शामिल रहे। नवचयनित हेडमास्टरों ने शिक्षा मंत्री से जिला आवंटन को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
इस पर मंत्री सुनील कुमार ने बताया कि सभी चयनित हेडमास्टरों को 30 जून के बाद जिला आवंटित कर दिया जाएगा। साथ ही जिला आवंटन के तुरंत बाद उन्हें तीन ब्लॉक का विकल्प चुनने का अवसर भी मिलेगा। सत्येंद्र बैठा द्वारा प्रक्रिया की पुष्टि मांगे जाने पर मंत्री ने भरोसा दिलाया कि उन्होंने संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और यह प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में है।
मुलाकात के दौरान शिष्टमंडल ने शिक्षा मंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्ध जिला आवंटन और प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई थी। मंत्री ने ज्ञापन का अवलोकन करते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। शिक्षा विभाग की इस पहल से नवचयनित हेडमास्टरों में उत्साह का माहौल है। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही सभी को उनकी पसंद के ब्लॉक में पदस्थापित किया जाएगा, जिससे राज्य की शिक्षा व्यवस्था को एक नई दिशा मिल सकेगी।