Bihar News : कभी-कभी पुलिस की थ्योरी के सामने परिजन, आम आदमी और मीडिया तक की सोच गलत साबित होती है। तभी तो, कॉलेज परिसर से गायब हुई जिस मोनिका की बरामदगी के लिए अभियान शुरू हुआ था, उसने खुद वीडियो जारी कर शादी करने की बात कही।
समस्तीपुर की रहने वाली पीजी की छात्रा दरभंगा के प्रतिष्ठित कॉलेज परिसर के अंदर से गायब हुई तो मीडिया सामाजिक दायित्व समझते हुए परिजनों के साथ खड़ा हुआ। जांच के लिए पुलिस पर दबाव बनाया तो एसआईटी तक का गठन हो गया। पुलिस शादी के लिए खुद भागने की थ्योरी लेकर चल रही थी, लेकिन कॉलेज के सीसीटीवी में उसके प्रवेश का फुटेज मिलने और निकलने का वीडियो नहीं होने के कारण सवाल उठ रहा था। 'अमर उजाला' ने सबसे पहले यह खबर सामने लायी थी और अब पटना तक मुद्दा गरम हो चुका था। सांसद से लेकर मंत्री तक एसपी से लेकर डीजीपी तक मिल चुके थे। अब वह लड़की, मोनिका सामने आ गई और एक कागज पढ़ते हुए वीडियो शेयर किया कि उसने शादी कर ली है, खोजना बंद करें।
मेरी तलाश न करें...वरना मानहानि का कर दूंगी केस
मोनिका ने जारी वीडियो में अपने पिता पवन कुमार को संबोधित करते हुए कहा है कि किसी ने मेरा अपहरण नहीं किया है। मैंने अपनी मर्जी से शादी की है। मुझे आप लोग खोजना बंद कर दीजिए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उसके फ़ोटो के संबंध में कहा है कि लोग भी मेरा फ़ोटो वायरल कर रहे हैं। मेरे फ़ोटो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लें, क्यों कि इससे मेरे निजता का हनन हो रहा है। अगर मेरे फ़ोटो को सोशल मीडिया से नही हटाते है तो हम मान हानि का मुकदमा भी दर्ज कराएंगे।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : शादी के 45वें दिन विवाहिता ने पति की कराई हत्या, फूफा और शूटरों ने दिया था घटना को अंजाम
पुलिस को नहीं मिल पाया था कोई सुराग
मोनिका ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के सीएम कॉलेज के पीजी द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा है, जो 27 जून को कॉलेज परिसर से अचानक लापता हो गई। वह 27 जून को कॉलेज परिसर में प्रवेश करते हुए सीसीटीवी फुटेज में आखरी बार दिखी थी। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद दरभंगा के नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई और बेटी को बरामदगी की गुहार लगाई थी। कई दिन बीत जाने के बाद भी मोनिका का कोई सुराग नहीं मिल रहा था। फिर मोनिका के पिता पवन शर्मा सिटी एसपी अशोक कुमार को आवेदन देकर उनसे मदद की गुहार लगाई। तब सिटी एसपी ने मोनिका को शीघ्र बरामद कर लेने का भरोसा दिया। मंगलवार की देर शाम नगर थाना की पुलिस उनके घर समस्तीपुर जिला के पाहेपुर आई थी और मोनिका के बेडरूम की तलाशी ली, लेकिन वहां भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सका।