Jamui News : पति-पत्नी घर में खाना खा रहे थे, अचानक 8 बदमाश घर घुसे और लूटपाट करने लगे। दोनों ने विरोध किया तो बदमाशों ने गोली मार दी। दंपती को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
जमुई में बदमाशों ने घर घुसकर दंपती को गोली मार दी। दोनों की हालत गंभीर है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए PMCH रेफर कर दिया गया है। घटना खैरा थाना क्षेत्र के धोवघट गांव में शुक्रवार की देर शाम की है। पति-पत्नी घर में खाना खा रहे थे। अचानक बदमाश घर में घुसे और लूटपाट करने लगे। पति-पत्नी ने विरोध किया तो बदमाशों ने दोनों को गोली मार दी। इतना ही नहीं बदमाशों ने घर से कैश और ज्वेलरी भी लूट ली। इधर, घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने घायल दंपती को अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां से दोनों को पटना रेफर कर दिया गया है।
विज्ञापन
पड़ोसी से चल रहा था विवाद
इधर घायल दंपति की पहचान धोवघट निवासी 38 वर्षीय विशाल सिंह और उसकी 30 वर्षीय पत्नी नीलम देवी के रूप में हुई है। घायल विशाल के विक्षिप्त भाई पर पड़ोस के ही कुनकुन सिंह ने 8 वर्षीय बेटे की कुदाल से मारकर हत्या करने का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई साल से विवाद हो रहा है। शुक्रवार की रात विशाल सिंह अपने मोबाइल दुकान गिद्धौर से बंद कर अपने घर धोवघट आया था और छत पर पत्नी के साथ खाना खा रहा था। तभी पड़ोसी सहित आठ लोग हथियार लेकर उसके घर में घुस गए और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने विशाल सिंह गोली मार दी। इस दौरान बचाने पहुंची पत्नी नीलम देवी को भी उन लोगों ने गोली मार दी। जिसमें दोनों पति-पत्नी घायल हो गए।
घायल ने कहा- लूट के इरादे से घुसे दे बदमाश
घटना को अंजाम देने के बाद गांव में दहशत फैलाने के नियत से दबंगों ने हवा में कई राउंड फायरिंग की है। जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घायल विशाल ने बताया कि लूट के इरादे से कुनकुन सिंह अपने अन्य साथियों के साथ हाथियार लेकर उसके घर में घुसा था।लूटपाट करने का विरोध किया तो उन लोगों ने दोनों को गोली मार दी। इस दौरान उन लोगों ने घर में रखे लाखों रुपए भी लूट लिया है। वहीं खैरा थानाध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान ने बताया कि गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।