समस्तीपुर से एक चोंकाने वाला मामला सामने आया है। विद्यापतिनगर के मऊ धनेशपुर दक्षिण पंचायत के चौकीदार का पुत्र अपने पिता की वर्दी पहनकर बेधड़क घूम रहा था। 20 साल लड़का पिछले कई माह से अपने चौकीदार पिता के बदले ड्यूटी कर रहा था। वह गोपनीय डाक लाता था। कैदियों को भी जेल पहुंचाता था। वर्दी से साथ वह लगातार सोशल मीडिया पर फोटो भी अपलोड करता था। इसी दौरान किसी ने उसकी शिकायत पुलिस से कर दी। पुलिस अधिकारी ने अब इस मामले की जांच का आदेश दिया है।
वर्दी पहनकर करता था अपने पिता का सारा काम
स्थानीय लोगों के अनुसार, चौकीदार जीवछ पासवान के बदले उसका पुत्र संजीत पासवान पुलिसिया वर्दी पहन कर पूरे रौब में घूमता फिरता रहता है। पुलिस की वर्दी में ही थाना पर पहुंच अपने पिता के सभी काम करता था। डीएसपी से महत्वपूर्ण गोपनीय डाक भी लाता और ले जाता है। वरीय पुलिस अधिकारियों के समक्ष भी पुलिस की वर्दी में ही उपस्थित रहता है। चौंकाने वाली बात तो यह है कि पुलिस अधिकारियों ने भी कभी गौर नहीं किया कि इतनी कम उम्र का चौकीदार कौन है? इसे नौकरी कब और कैसे मिल गई।
आरोप- शराब कारोबारी भी इसके संपर्क में रहते थे
अनुसंधान में निकलने वाली पुलिस उसे अपने साथ ले जाती है। ये न केवल थाने पर भी बैठे नहीं रहता हैं बल्कि थाना से गोपनीय नोटिस लेकर गांव तक जाता है। सूत्रों की मानें तो चौकीदार पुत्र कई केस में आरोपी और कांडों के अनुसंधानक के बीच दलाल का काम करता है। आरोप यह भी है कि पुलिस पदाधिकारी के साथ रहने के कारण क्षेत्र में सक्रिय शराब के कारोबारी भी इसके संपर्क में रहते थे।
डीएसपी बोले- जल्द होगी दोषी पर कार्रवाई
सोशल मीडिया पर जब संजीत पासवान की तस्वीर वायरल हुई और मामले की शिकायत जब वरीय पदाधिकारियों तक पहुंची तो फौरन संज्ञान लिया गया। दलसिंहसरारय के डीएसपी दिनेश पांडेय ने कहा कि इस मामले की जानकारी उनके पास नहीं थी। मामला संगीन है। पुलिस वर्दी कोई भी बिना सेवा में आए नहीं पहन सकता। इस मामले की जांच की जाएगी। दोषी पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।