घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोग और पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मधेपुरा में शाम होने से पहले ही अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के पीपरा करौती पंचायत के वार्ड संख्या एक की है। मृतक की पहचान बेचन गोस्वामी के पुत्र अमित कुमार (25) के रूप में की गई है। मृतक के पिता बेचन गोस्वामी का कहना है कि हत्या करने वाले चार से पांच की संख्या में थे जिन्होंने मेरे बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी जान ले लिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि युवक की हत्या का कारण छोटे भाई का प्रेम प्रसंग है और घटना को अंजाम देने वालों को परिजन अच्छी तरह से जान रहे हैं।
घर के पास पैदल आकर अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
घटना के संबंध में मृतक अमित के पिता बेचन गोस्वामी का कहना है कि वह अपने घर से कुछ ही दूरी पर धान के खेत में काम कर रहे थे। अमित कुमार अपने पिता की मदद करने खेत पर जा रहे थे। तभी पैदल पहुंचे 4-5 की संख्या में अपराधियों ने अमित पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। अमित के सीने में दो गोली लगे। गोली लगते ही अमित जमीन पर गिर पड़े। फिर अपराधी घटनास्थल से फरार हो गये। वहां मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में बाइक पर लाद कर पीएचसी ले जाया गया, जहां अमित की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही अमित कुमार की मौत हो गई।
हत्या की वजह भी थी शर्मनाक
घटना के संबंध में उदाकिशुनगंज थाना के थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने अमर उजाला को बताया कि विगत एक महीना पहले अमित का छोटा भाई अपने ही पटेदार की शादीशुदा महिला (चाची) के साथ फरार हो गया था। बाद में समाज के पहल पर दोनों की बरामदगी की गई। अमित ने अपने छोटे भाई को तत्काल बाहर भेज दिया लेकिन पटेदारों में इस बात की रंजिश अबतक बरकरार थी। दो दिन पहले फिर इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहा-सुनी हुई थी। बुधवार की शाम में अपराधियों ने सबके सामने में गोली मारकर अमित की हत्या कर दी। थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने बताया कि हत्या करने वालों में उसके पटेदार समेत कुछ अपराधी भी शामिल थे। पुलिस उन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।