Bihar : पूरे देश में सनातन धर्म को आगे बढ़ाने की बातें की जा रही हैं। ऐसे में उस पुजारी की बस यही गलती थी कि कुछ अपराधियों को उन्होंने मंदिर में शराब पीने से मना कर दिया था। अपराधियों ने उनका वह हाल किया कि आज उनकी मौत हो गई।
वैशाली में आज एक पुजारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। अपराधियों ने पुजारी की जमकर पिटाई की थी। आननफानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के करहरी गांव की है। मृतक पुजारी भगवानपुर थाना क्षेत्र के करहरी गांव निवासी स्वर्गीय खखन राय के पुत्र प्रदीप राय (79) थे।
होली के दिन मंदिर में शराब पीने से किया था मना
घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि होली के दिन चार युवक मंदिर में शराब पीने के लिए पहुंचे थे। मंदिर के पुजारी प्रदीप राय ने उनका विरोध करते हुए उन्हें मंदिर में शराब पीने नहीं दिया। जिसके बाद चारों युवकों ने प्रदीप राय की जमकर पिटाई की। इस पिटाई में पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और आननफानन में उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक इलाज कर उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना
पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
परिजनों ने बताया कि पीएमसीएच की बदहाली को देखते हुए उनलोगों ने प्रदीप राय को पटना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज होने के बाद वह वापस घर लौट आये। आज पुजारी की मौत हो गई। पुजारी की मौत की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिवार वालों के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। इस संबंध में भगवानपुर थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।